पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष व महामंत्री ने जताया शोक, झुकाया गया BJP का झंडा

झुकाया गया झंडा
लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का झुकाया गया झंडा। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। दिल्‍ली के एम्‍स में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद देश भर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। वहीं उनके निधन की खबर लगते ही गुरुवार की शाम भाजपा के लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्‍यालय पर लगा पार्टी का झंडा झुका दिया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रम भी स्‍थागित कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, एम्‍स में थमी सांसें

भाजपा के पहले प्रधानमंत्री के निधन पर बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने गहरा शोक व्यक्‍त किया है। प्रदेश अध्‍यक्ष ने अफसोस जताते हुए कहा कि अटल जी ने भारत को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने में अपनी अभूतपूर्व भूमिका का निर्वाहन करते हुए दुनिया में भारत का मान बढ़ाने का काम किया। अटल जी के निधन से हुई रिक्‍तता अपूर्णनीय है। भारतीय राजनीति में उनके जैसे अजात शत्रु जैसे व्यक्तित्व के धनी, भारतीय राजनीति के युग पुरूष के रूप में याद किये जाएंगे।

यह भी पढ़ें- भारत रत्‍न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर राष्‍ट्रपति, PM समेत दिग्‍गजों ने जताया शोक, जानें किसने क्‍या कहा

पूर्व प्रधानमंत्री के योगदानों की बात करते हुए महेंद्र पाण्‍डेय ने आगे कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में दुनिया की परवाह किए बगैर पांच परमाणु परीक्षण एक साथ कराकर भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र बनाते हुए दुनिया के शक्तिशाली राष्ट्रों की पंक्ति में मजबूती से खड़ा किया।

यह भी पढ़ें- अटल जी का छह दशक का निष्कलंक राजनैतिक जीवन हमेशा किया जाएगा याद: योगी

इसके अलावा अटज जी ने भारत भर के चारों कोनों को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के माध्यम से भारत को विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। अटल जी जनप्रिय राजनेता व कवि के तौर पर जनता के बीच अपनी साफ छवि, लोकतांत्रिक, और उदार विचारों वाले राजनेता के रूप में हमेशा स्मृतियों में रहेंगे। वे भारत के उन महान नेताओं में से एक हैं, जिनका विपक्ष भी सम्मान करता था।

वहीं प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि अपनी पूरी जिंदगी राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करने वाले अटल जी के निधन से हुई रिक्तता की भरपाई हो पाना कठिन है। उन्होंने कहा कि अटल जी का कृतित्व व व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।

यह भी पढ़ें- योगी ने स्‍थगित किए सभी कार्यक्रम, दिल्‍ली एम्‍स के लिए रवाना

इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, संजीव बालियान, दयाशंकर सिंह, डॉ. राकेश त्रिवेदी, सुधीर हलवासिया, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, सलिल विश्नोई, गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, अमर पाल मौर्य, संतोष सिंह, कामेश्‍वर सिंह, त्रयम्बक त्रिपाठी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. चन्द्रमोहन, हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्तव, मनीष शुक्ला, शलभ मणि त्रिपाठी, डॉ. मनोज मिश्रा, हीरो बाजपेयी, संजय राय, प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख डॉ. तरूणकांत त्रिपाठी, सह मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी, हिमांशु दुबे, सह संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव, राकेश त्रिपाठी, सुधाकर सिंह कुशवाहा, अभय सिंह, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सह मुख्यालय प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी, अशोक तिवारी, अरूणकांत त्रिपाठी, राजकुमार, अतुल दीक्षित सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के निधन शोक व्यक्‍त किया।

यह भी पढ़ें- पूर्व पीएम के निधन पर यूपी में सात दिनों का राजकीय शोक, कल बंद रहेंगे कार्यालय, स्‍कूल व दुकानें