काशी को मिला बेस्ट स्मार्ट सिटी अवॉर्ड, 30 शहरों में मिला पहला स्थान

बेस्ट स्मार्ट सिटी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणसी। बुधवार को शहरी एवं आवासन कार्य मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से आयोजित इंडिया स्मार्ट सिटी कांन्क्लेव 2023 में वाराणसी को बेस्ट स्मार्ट सिटी का पुरस्कार दिया गया है, जिसके बाद वाराणसी के अधिकारियों ने भी शहर वालों का विशेष आभार जताया है। शहरी एवं आवासन कार्य मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से मध्य प्रदेश के इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी कांक्लेव 2023 का आयोजन किया गया था, जिसमें देश के अनेक शहरों को उनकी उपलब्धियां के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस आयोजन में देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी जिसे हम वाराणसी और बनारस के भी नाम से जाते हैं उसे इंडिया स्मार्ट सिटी के अवार्ड से पुरस्कृत किया गया। इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड कॉन्टेस्ट में वाराणसी स्मार्ट सिटी को नॉर्थ जोन में दस लाख से अधिक आबादी वाले शहर में बेस्ट सिटी के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। यह प्रतिष्ठित सम्मान वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिपू गिरी ने ग्रहण किया।

वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि इंडिया स्मार्ट सिटी कांन्क्लेव 2023 में आज उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा और वाराणसी जनपदों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। ये पुरस्कार नागरिकों के जीवन को सरल व सुगम बनाने के प्रति यूपी सरकार की प्रतिबद्धता को प्रकट करते हैं। सम्मानित हुए जनपदों के निवासियों को बधाई और इस उपलब्धि की प्राप्ति में सहायक सभी जनों का अभिनंदन।

यह भी पढ़ें- विश्‍वविद्यालय में बोले सीएम योगी, यूपी के हर युवा को फ्री में मोबाइल-टैबलेट देकर बनाएंगे स्मार्ट

जानकारी के अनुसार इस पुरस्कार के लिए स्मार्ट सिटी मिशन अंतर्गत वाराणसी को परियोजनाओं के क्रियांवन, वित्तीय सतता, सक्सेस स्टोरी, परियोजनाओं की उपयोगिता, कुशल जनसभागिता और फीडबैक प्रणाली के आधार पर चयनित किया गया है। नॉर्थ जोन के 30 बड़े शहर श्रीनगर, शिमला, लखनऊ, देहरादून में वाराणसी को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर मंडल आयुक्त कौशल राज शर्मा ने समस्त काशी वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह हम सबके लिए गर्व का विषय है। भविष्य में भी वाराणसी स्मार्ट सिटी अंतर्गत शहर के चहुमुखी विकास हेतु हमेशा तत्पर रहेगी।

यह भी पढ़ें- भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर प्रदेश की जनता को दिया धोखा, बजट में जमकर हुई लूट: अखिलेश यादव