लोकसभा चुनाव में पांच क्षेत्रीय पार्टियों का भाजपा को मिला साथ तो बोले केशव मौर्या, ‘‘देखन में छोटन लगे घाव करे गंभीर’’

घाव करे
समर्थन मिलने के बाद पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ केशव मौर्या व महेंद नाथ पांडेय।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के मतदान की तिथि करीब आते ही राजनीतिक दलों में उथल-पुथल तेज हो गयी है। केंद्र की सत्‍ताधारी पार्टी भाजपा को शनिवार को पांच क्षे‍त्रिय राजनीतिक पार्टियों ने समर्थन देते हुए अगामी चुनाव में एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्‍प लिया है।

भाजपा के प्रदेश मुख्‍यालय पर आज बीजेपी को समर्थन देने वालों में ऐक्शन पार्टी के अध्यक्ष रविंद्र कुमार मिश्रा, अहिंसा दल के अध्यक्ष राजकुमार सिंह लोधी, भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष नारायण राजभर, एकलब्य समाज पार्टी के अध्यक्ष जे.आर. निषाद व नवीन समाजवादी दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह यादव द्वारा भाजपा को समर्थन देने का ऐलान करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय को अपना समर्थन पत्र सौंप दिया है।

वहीं इस दौरान मौजूद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इन दलों की विशेषता पर बात करते हुए कहा कि ‘‘देखन में छोटन लगे घाव करे गंभीर’’ हमारे क्षेत्रीय दलों का समाज में एक बड़ा स्थान है। ये अपनी उपस्थिति से एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में अपना दम दिखाएंगे।

यह भी पढ़ें- सहकारिता सम्‍मेलन में बोले योगी, पिछली सरकारों में किसान, नौजवान की जगह की जाती थी परिवारों की सेवा

पीएम की बात करते हुए केशव मौर्या ने कहा कि नरेंद्र मोदी एक गरीब के घर में पैदा हुए, जिन्होंने जनता के सुख के लिए अपना सब कुछ अर्पण कर दिया। मोदी सरकार की देश भर में विकास की पंचधारा है। बच्चों की पढ़ाई, युवाओं को कमाई, बुजुर्गो को दवाई, किसान को सिंचाई, जन-जन की सुनवाई को सुनिश्चित करने में जुटी रही।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि भारत का गौरव देश दुनिया में बढ़ाने, सीमाओं की रक्षा आतंरिक सुरक्षा के लिए मोदी से बड़ा व्यक्तित्व दुनिया में नहीं है। नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपने-अपने दलों के माध्यम से भाजपा को सहयोग करना चाहते है। भाजपा इन सभी दलों के पदाधिकारियों और नेताओं का स्वागत करती है। भाजपा के सहयोगी दल के रूप में जोड़ने पर सभी का हृदय से स्वागत करता हूं। मैं भरोसा कर रहा हूं जिस तरह देश में वातावरण बना है और उस वातावरण में इन साथियों ने भी भाजपा को मजबूती दी।

यह भी पढ़ें- मोदी को फिर से पीएम बनाए जाने वाले बयान पर भाजपा ने कहा, जनता की भावनाओं को समझने वाले नेता हैं मुलायम सिंह

इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, प्रदेश प्रवक्‍ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, डा. चन्द्रमोहन, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी, हिमांशु दुबे, प्रदेश संपर्क प्रमुख डॉ. तरूणकांत त्रिपाठी, सह संपर्क प्रमुख राकेश त्रिपाठी व नवीन श्रीवास्तव सहित अन्‍य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने किया।