#MissionUP : लखनऊ पहुंची प्रियंका ने मोदी-योगी पर साधा निशाना, “बोलीं, सरकार ही नष्ट कर रही संविधान”

लखनऊ पहुंची प्रियंका
जीपीओं पर मौन धरना देतीं प्रियंका गांधी साथ में अजय लल्लू, अराधना मिश्रा व अन्य ।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के मिशन यूपी की शुरुआत करने लिए पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची। यूपी दौरे पर पहुचंते ही प्रियंका ने मोदी और योगी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी पर हमला बोलते हुए प्रियंका ने कहा कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीरहरण हो रहा है। चारों तरफ फैली अराजकता यूपी की हालत बयान कर रही है, कोरोना की लहर में योगी शासन में कितना अच्छा काम हुआ इसके गवाह गंगा मैया के घाट हैं, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री को यूपी की हालत नहीं दिख रही और वो योगी जी को अच्छे कामों का प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं। वैसे उनके राज में ये कोई नई बात नहीं है। सच को झूठ और झूठ को ढिंढोरा पीटकर सच बताना भाजपा को बहुत अच्छी तरह आता है।

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस महा‍सचिव ने कहा कि यूपी में संविधान नष्ट किया जा रहा और लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है। इस दौरान उन्होंने सरकार से सवाल किया कि पंचायत चुनाव में कितनी मौत हुई? प्रियंका ने आगे कहा कि भाजपा को पंचायत चुनाव में अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं मिलने पर कहीं गोली चलवाई गई तो कहीं बम और नामांकन पत्र फाड़े गए और यहां तक कि महिलाओं के कपड़े खींचकर उन्हें अपमानित किया गया। पंचायत चुनाव में सरकार ने हिंसा फैलाई।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का CM योगी पर हमला, अपराधी व शराब माफिया कानून-व्‍यवस्‍था की छाती पर चढ़कर उड़ा रहे खिल्ली

योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पुलिस-प्रशासन को लोकतंत्र खत्म करने के लिए लगाया जा रहा है। तमाम जिलों में प्रशासन की ओर से विपक्षी लोगों को धमकी दी जा रही है। पूरा प्रयास लोकतंत खत्म करने का था। कांग्रेस नेता ने कहा कि हम लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे। हम लोकतंत्र बचाने आए हैं। जनता के पक्ष में बोलने आये हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। यदि पीएम आपके सीएम की महिला सुरक्षा पर प्रशंसा कर रहे हैं तो आप खुद समझें कि आज तक सरकार ने क्या किया?

गांधी प्रतिमा पर मौन धरना

अमौसी एयरपोर्ट से लेकर हजरतगंज तक प्रियंका का कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और पुष्पाजंलि अर्पित की। यहां प्रियंका ने प्रदेश में फैले जंगलराज, पंचायत चुनाव में हुई हिंसा, महिला उत्पीड़न, ध्वस्त कानून-व्यवस्था और भय के माहौल के खिलाफ करीब दो घंटे मौन धरना दिया।

कार्यकर्ताओं ने किया जबरदस्‍त स्‍वागत

प्रियंका के स्वागत के लिए हजरतगंज के गांधी प्रतिमा पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। होर्डिंग के साथ ही कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। एयरपोर्ट के पास भी सैकड़ों कार्यकर्ता घंटों पहले से ही प्रियंका गांधी के स्वागत में खड़े रहे। पहली बार हजरतगंज चौराहा कांग्रेस की होर्डिंग से पट गया था। प्रियंका गांधी के लखनऊ आगमन पर स्वागत करने जैसी कई होर्डिंग नाम के साथ कार्यकर्ता लगाए हुए थे।

बता दें कि प्रियंका गांधी 18 जुलाई तक यूपी में रहेंगी। इस दौरान वो विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों का जायजा लेंगी। अपने इस दौरे में प्रियंका 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने के साथ ही पार्टी के लिए जमीन तैयार करेंगी। इससे पहले लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट से लेकर रास्ते में जगह-जगह प्रियंका गांधी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- गेहूं की खरीद को लेकर प्रियंका गांधी ने CM योगी को लिखा पत्र, उठाई किसानों की मांग