आरयू वेब टीम।
मीटू कैंपेन के बाद आरोपों से घिरे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर रविवार को विदेश दौरे से वापस आ गए हैं। इस दौरान दिल्ली के आइजीआई एयरपोर्ट पर मीडिया से एमजे अकबर ने कहा कि वे अपने ऊपर लगे आरोपों पर बाद में बयान जारी करेंगे।
मालूम हो कि मीटू के तहत आरोप लगते ही एमजे अकबर नाइजीरिया दौरे पर चले गये थे। जिसके बाद से देश-दुनिया की सियासी हलचलों पर लगातार ट्वीट करने वाला उनका ट्विटर अकाउंट पर भी छह अक्टूबर से ही न इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया आयी न अन्य किसी मुद्दे पर कोई ट्वीट।
यह भी पढ़ें- एमजे अकबर के बचाव में BJP, शाह बोले, ये सच है या गलत’ देखना पड़ेगा
दूसरी ओर मोदी कैबिनेट के कद्दावर सदस्य पर लगे आरोपों के बाद सरकार और बीजेपी बैकफुट पर है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व एमजे अकबर का पक्ष सुनने के बाद ही इस मामले में कोई फैसला सुनाएगी।
इसके अलावा 12 अक्टूबर को जब इस मुद्दे पर अमित शाह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि देखना पड़ेगा कि ये आरोप सच हैं या गलत। अमित शाह ने कहा था कि पोस्ट की सत्यता जांच भी जरूरी है, जिनकी ओर से ये आरोप लगाये गये हैं। हालांकि जांच की बात पर उन्होंने कहा था कि वे इस पर जरूर सोचेंगे।
बता दें कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने पहले ही मीटू से जुड़े सभी मामलों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में रिटायर्ड जज और कानूनविद बतौर सदस्य शामिल हैं। बता दें कि अब तक कई महिला पत्रकार केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- मार्क जकरबर्ग की बहन से फ्लाइट में यौन शोषण, एयरलाइंस ने शुरू की जांच




















