आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के आज 81वां जन्मदिन के मौके पर सपा और प्रसपा के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। साथ ही मुलायम के जन्मदिन को लेकर राजधानी लखनऊ में बधाई संदेश देते हुए पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने के अलावा केक काटे गए।
इस अवसर पर उत्तर-प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा संस्थापक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर सपा संस्थापक को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं प्रभु श्री राम से उनके स्वस्थ, सुदीर्घ, समृद्ध एवं सक्रिय जीवन की कामना करता हूं।’
यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह से मुलाकात कर सीएम योगी ने जाना हाल, शिवपाल भी रहें मौजूद
वहीं सपा कार्यकर्ताओं में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन का उत्साह कुछ इस कदर है कि लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय को उनके समर्थकों ने पोस्टरों से पाट दिया है। मुलायम के समर्थकों ने धरती पुत्र बताते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। दूसरी ओर शिवपाल सिंह यादव की पार्टी प्रसपा के मुख्यालय पर भी मुलायम सिंह के जन्मदिन का खासा असर देखने को मिला।
यह भी पढ़ें- शिवपाल ने दिए सुलाह के संकेत, जताई अखिलेश को CM बनाने की इच्छा
यही नहीं सोशल मीडिया के जरिए भी मुलायम सिंह यादव को लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। इसी के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने भी ऐलान करते हुए मुलायम सिंह के जन्मदिन को लोकतंत्र बचाओ आंदोलन के रूप में मनाने की बात कही है।