मंडल अध्‍यक्षों से बोले स्‍वतंत्र देव, आपके दम पर BJP जीतेगी 2022 का विधानसभा चुनाव, कार्यकताओं को भी दिए नेता बनने के मंत्र

लखीमपुर खीरी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते स्वतंत्र देव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/लखीमपुर। आप सबको नेता बनना है तो अपने गांव, मुहल्ले, नगर में जाकर सभी से संपर्क करिये। आम जनता के बीच बैठकर उनके साथ भोजन करिये। पार्टी द्वारा दिए गए कामों को समर्पित भाव से पूरा करिये।

आम कार्यकर्ताओं को नेता बनने के उक्‍त मंत्र गुरुवार को बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखीमपुर खीरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिए। साथ ही कहा कि मुंह में शक्कर, पैर में चक्कर, सर पर बर्फ और सीने में आग के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता तैयार होता है। वहां मौजूद बीजेपी के मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि आप के दम पर ही पार्टी 2022 का यूपी विधानसभा चुनाव जीतेगी।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में BJP की जीत को स्वतंत्र देव ने बताया मोदी-योगी सरकार के सुशासन की विजय

कार्यकर्ता की बैठक को संबोधित करते हुए स्‍वतंत्र देव सिंह ने आगे कहा कि भाजपा राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि मानकर काम करने वाली पार्टी है। ये दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारे पास मोदी जी एवं योगी जी जैसा नेतृत्व है, जो परिवारवाद से ऊपर उठकर देश व प्रदेश की जनता को ही अपना परिवार मानते हुए भारत को विश्‍व मानचित्र पर एक महाशक्ति के रूप में खड़ा करने के लिए काम कर रहा है। इनकी सरकारें जनकल्याण के कार्यो से आमजन के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का काम कर रही है। हमें उन योजनाओं की जानकारी लेकर गांव, गरीब, किसान तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें- जयंती पर लक्ष्‍मीबाई को याद कर बोले स्‍वतंत्र देव, माता-बहनों को लक्ष्‍मीबाई ने सिखाया संघर्ष करना

साथ ही उन्‍होंने ये भी कहा कि भाजपा अनवरत जनसंवाद व मोदी-योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही संगठन के कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ी रहती है और यह सब आप सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संभव होता है।

इस अवसर पर सांसद अजय मिश्र टेनी, रेखा वर्मा, सदर विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, शशांक वर्मा, जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, क्षेत्र महामंत्री दिनेश तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।