अब ओपी राजभर ने कहा, 12 फरवरी को NDA में शामिल होंगे जयंत चौधरी, सपा नेता भी आएंगे साथ

ओपी राजभर

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कई दिनों से चल रही रालोद की भाजपा के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच गुरुवार को एनडीए के सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि जयंत चौधरी 12 फरवरी को एनडीए में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के बारे में कहा कि सपा में दो फाड़ हो चुके हैं। इसका एक हिस्सा हमारे साथ आ जाएगा। इसके कई नेता भी हमारे साथ जल्द आ जाएंगे।’

सुभासपा प्रमुख ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं तो पहले से कह रहा था कि इस बार विपक्षियों ने ठाना है 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। कुछ लोग सटकर तो कुछ हटकर मोदी को प्रधानमंत्री बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ’12 फरवरी तक रुक जाइए और देखिएगा नतीजा क्या होगा।’

राजभर ने आगे कहा कि सपा को रसातल में पहुंचाने के लिए ही स्वामी प्रसाद मौर्य को भेजा गया है। स्वामी प्रसाद जानबूझ कर इस तरह के बयान दे रहे हैं। हालांकि, माैर्य के इस तरह के बयान के लिए अखिलेश भी जिम्मेदार हैं। वे अखिलेश की शह पर ही बोल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- भाजपा के साथ की अटकलें खारिज कर बोले शिवपाल, जयंत चौधरी हैं उनके साथ, बीजेपी कर रही मीडिया के जरिए गुमराह

दूसरी ओर आरएलडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी ने कहा, “चुनावी साल है, बहुत सारी पार्टियां हमारे साथ गठबंधन के लिए आ रही हैं। भाजपा ने पिछली बार भी गठबंधन की पेशकश की थी। इस बार भी पेशकश की है। वे चार सीटों की बात कर रहे हैं, लेकिन हमने 12 लोकसभा सीटों पर तैयारी की है। हम किसके साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे इस बात का निर्णय हम लेंगे। जो पार्टी जनता और किसानों की हित के लिए हमारी मांगों पर सहमत होगी, हम उन्हीं के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर का दावा, अखिलेश कर रहे भाजपा को लोकसभा चुनाव जीतने में सहयोग