“गाय बचाओ,किसान बचाओ” पदयात्रा निकाल रहे कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को ललितपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

'गाय बचाओ-किसान बचाओ' पदयात्रा
अजय कुमार को पदयात्रा निकालने से रोकती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/ललिपुर। प्रियंका गांधी के गाया को लेकर किए ट्वीट के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और भी एक्‍टीव हो गए हैं। वहीं शनिवार को ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा निकाल रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को आज दोपहर ललितपुर की पुलिस ने दैलवारा कस्बे से करीब डेढ़-दो सौ कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

वहीं कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘जिलाध्यक्ष सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। सभी को पुलिसलाइन में रखा गया। जिसके बाद पुलिस की ओर से कहा गया था कि अजय लल्‍लू को लखनऊ भेजा जा रहा है, हालांकि रात करीब साढ़े नौ बजे तक प्रदेश अध्‍यक्ष के लखनऊ नहीं पहुंचने पर कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता पुलिस पर बदसलूकी व अजय लल्‍लू की लोकेशन नहीं बताने का आरोप लगा रहे थे।

ललितपुर से शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ अन्य नेता पैदल मार्च पर निकले। इनका कार्यक्रम पैदल मार्च को ललितपुर से चित्रकूट तक ले जाने का था। इसी बीच पुलिस ने पदयात्रा को ललितपुर में ही रोक दिया। इस पदयात्रा रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करने के साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- कत्‍लगाह में बदली UP की गौशालाएं, ललितपुर से चित्रकूट तक “गाय बचाओ,किसान बचाओ” पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस: धीरज गुर्जर

गौरतलब है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार के साथ राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व राहुल राय पदयात्रा में शामिल थे। इन सभी ने ललितपुर में मृत गाय की अस्थियों को घड़े में रखकर पदयात्रा शुरू की थी। पदयात्रा को ललितपुर जिले से चित्रकूट तक ले जाने का कार्यक्रम था, लेकिन नेताओं की गिरफ्तारी के बाद यह पदयात्रा ललितपुर में ही समाप्त हो गई।

वहीं जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने बताया, “बिना अनुमति पदयात्रा निकालने पर अड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत सहित 50-60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दैलवारा कस्बे से आज (शनिवार) दोपहर करीब बारह बजे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किये गये कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है।

यह भी पढ़ें- UP में गौवंश की स्थिति पर चिंता व्‍यक्‍त कर प्रियंका ने CM योगी को लिखा पत्र, कांग्रेस की गोधन न्याय योजना’ से प्रेरणा लेने की दी सलाह