प्रियंका का PM मोदी पर सीधा हमला, दुनिया के हर कोने तक पहुंचने वाले किसानों से मिलने दिल्ली बॉर्डर तक नहीं पहुंच पाए

कानून-व्‍यवस्‍था

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मथुरा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार मथुरा में किसान महापंचायत में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि 90 दिनों से देश की राजधानी के बॉर्डर पर किसान अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है, 215 किसान शहीद हुए। प्रधानमंत्री जो अपने शासनकाल में दुनिया के हर कोने तक पहुंच पाए, वो दिल्ली जहां वो रहते हैं, किसानों से मिलने उसके बॉर्डर तक नहीं पहुंच पाए।

मथुरा में प्रियंका गांधी ने राधे-राधे से भाषण शुरू किया और बांके बिहारी, यमुना मईया का जयकारा लगवाया। उन्होंने कहा कि यह धरती अहंकार तोड़ती है, इंद्र का अहंकार तोड़ने के लिए कृष्ण जी ने गोवर्धन पर्वत उठाया। भाजपा सरकार ने भी अहंकार पाल लिया है। अन्न उपजाने वाला और बॉर्डर पर जवान भेजने वाले किसान 90 दिनों से सड़कों पर बैठे हैं। प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को प्रताड़ित किया। उनसे मिलने ना प्रधानमंत्री आए ना किसी को भेजा।

यह भी पढ़ें- दिल दहला देने वाली है उन्‍नाव की घटना, मौत से जूझ रही तीसरी लड़की को इलाज के लिए पहुंचाया जाए‍ दिल्‍ली: प्रियंका  

भगवान कृष्ण तोड़ेंगे अहंकार

प्रियंका ने कहा, दिनकर जी ने कहा था, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। ”इस सरकार का विवेक मर चुका है, भगवान कृष्ण इनका अहंकार तोड़ेंगे। किसानों को आलू की फसल फेंकनी पड़ी। गन्ना का 15 हजार करोड़ बकाया है, लेकिन प्रधानमंत्री ने अपने लिए दो जहाज खरीद लिए। पेट्रोल, डीजल, गैस के दाम बढ़ रहे हैं, स्मार्ट मीटर से लूट हो रही है।

गौवंश को चारा मिल रहा ना पानी

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि ब्रज में गौशालाओं की स्थिति आपको मालूम है, गौवंश को ना चारा मिल रहा है ना पानी। सरकार ने जो 200 करोड़ आवंटित किए उसका क्या हुआ? सरकार को ब्रज के लोगों से सीखना चाहिए कि गौ वंश की रखवाली कैसे होती है। प्रियंका की सभा में कुछ युवकों ने नारेबाजी की, उनसे मिलने प्रियंका थोड़ी देर के लिए मंच से नीचे उतरीं। मंच के ठीक सामने नारेबाजी कर रहे युवक जो पर्चे लहरा रहे थे उस पर लिखा है…”राजस्थान की बेटी को न्याय दो”।

यह भी पढ़ें- पंचायत में बोलीं प्रियंका, सरकार ने किया किसानों को प्रताड़ित, देशद्रोही कहकर उड़ाया गया मजाक