बदायूं हैवानियत: प्रियंका का योगी सरकार पर हमला, महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में खोट

न झुकने वाली आवाजों

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के बदायूं में गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद के योगी सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई है। घटना को लेकर बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि महिला सुरक्षा पर यूपी सरकार की नीयत में खोट है।

प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा कि , ‘हाथरस में सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया। बदायूं में थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया।’ प्रियंका ने कहा, महिला सुरक्षा पर यूपी सरकार की नीयत में खोट है।

बता दें कि घटना तीन जनवरी रविवार की है, जब जिले के उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में 50 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एक मंदिर पर रोजाना की तरह पूजा करने के लिए गई थी। इसके बाद वो वापस लौट कर नहीं आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात करीब 12 बजे एक कार सवार और दो शख्स महिला को लहूलुहान हालात में फेंककर भाग गए।

यह भी पढ़ें- बदायूं में निर्भया जैसी घटना, मंदिर में महिला के साथ दरिंदगी, आरोपित महंत फरार, दो गिरफ्तार

बताया जाता है कि इससे पहले आरोपी उसे अपनी गाड़ी से इलाज के लिए चंदौसी भी ले गया था। परिजनों ने घटना की जानकारी उघैती थाना पुलिस को दी और सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि उघैती के थानेदार रावेंद्र प्रताप सिंह ने उनकी फरियाद सुनना तो दूर मौका मुआयना तक नहीं किया।

यही नहीं, 18 घंटे बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। महिला डॉक्टर समेत तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। शाम को रिपोर्ट आई तो पता चला कि महिला के प्राइवेट पार्ट में गंभीर घाव थे। काफी खून भी निकल गया था। रिपोर्ट में कोई लोहे की रॉड जैसी चीज गुप्‍तांग में डालने की बात भी सामने आई।

एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि उघैती थाना क्षेत्र में लगभग 50 वर्षीय महिला का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या व दुष्कर्म का मुकदमा लिखा गया है। नामजदों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हाथरस में हैवानियत की शिकार गैंगरेप पीड़िता ने दिल्ली के अस्पताल में तोड़ा दम