प्रियंका की बड़ी घोषणा, कांग्रेस की सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्‍मार्टफोन तो स्‍नातक को दी जाएगी स्‍कूटी

लड़कियों को स्‍मार्टफोन

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी ने एक और बड़ा ऐलान किया है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को कहा कि 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक पास युवतियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी दी जाएगी। इससे पहले उन्होंने 40 फीसद विधानसभा टिकट महिलाओं को देने का भी ऐलान किया था।

इस संबंध में प्रियंका गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर घोषणा करते हुए कहा, “कल मैं कुछ छात्राओं से मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ने व सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। मुझे खुशी है कि घोषणा समिति की सहमति से आज यूपी कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी।”

वहीं प्रियंका द्वारा पोस्‍ट किए गए वीडियो में स्‍कूली छात्राएं प्रियंका गांधी से मिलकर काफी उत्‍साहित नजर आ रहीं हैं। साथ ही प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए उन्‍हीं की तरह बनने की बात कहती नजर आ रही हैं। इस दौरान छात्राओं ने कांग्रेस महासचिव ने हुई बातों का भी जिक्र किया।

यह भी पढ़ें- महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने के ऐलान के बाद प्रियंका पर भड़कीं मायावती, घोषणा को बताया कोरी चुनावी नाटकबाजी

प्रियंका गांधी ने 19 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर ऐलान किया था कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। साथ प्रियंका ने लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा देते हुए कहा कि महिलाओं को अधिक टिकट से देने से सरकार में उनकी नुमाइंदगी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- PM के संसदीय क्षेत्र में विशाल रैली कर मोदी-योगी सरकार पर बरसीं प्रियंका, “जनता दुखी-त्रस्‍त, प्रधानमंत्री के मित्र रोज कमा रहें हजारों करोड़”