PM के संसदीय क्षेत्र में विशाल रैली कर मोदी-योगी सरकार पर बरसीं प्रियंका, “जनता दुखी-त्रस्‍त, प्रधानमंत्री के मित्र रोज कमा रहें हजारों करोड़”

लखीमपुर किसान हत्‍याकांड

आरयू ब्यूरो, वाराणसी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंची। जहां प्रियंका ने काशी विश्‍वनाथ मंदिर और मां कूष्मांडा के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद किसान न्याय रैली में लाखों लोगों को संबोधित करतें हुए मोदी और योगी सरकार पर जमकर बरसीं। भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रियंका ने कहा कि सौ रुपए प्रति लीटर पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का गैस सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। शहरों को साफ करने वालों के प्रति अपशब्द कहे सीएम ने, जनता दुखी और त्रस्त हैं। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं, वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं।

किसान न्याय रैली
रोड़ शो के दौरान उमड़ा भीड़।

प्रियंका ने हमला जारी रखते हुए कहा कोरोनाकाल में रोजगार बंद हुआ, लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी। देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे। एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कांग्रेस  महासचिव ने कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। चुनाव की नहीं अब देश की बात है।

जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा हम लड़ते रहेंगे

कांग्रेस महासचिव ने हमला जारी रखते हुए कहा कि देश भाजपा के पदाधिकारी और प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार नहीं बनेंगे तो ना खुद को बचा पाएंगे और न देश को। आपकी मेहनत ने इस देश को बनाया है। आपको आतंकवादी कहने वालों को न्याय देने के लिए विवश कीजिए। मुझे जेल में डाल दीजिए, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा हम लड़ते रहेंगे। अपने अंतर्मन में झांकिए, एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए।

प्रधानमंत्री घूम सकते हैं किसानों से नहीं मिल सकते

प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के कोने-कोने तक प्रधानमंत्री घूम सकते हैं। देश-देश भ्रमण कर सकते हैं, लेकिन अपने देश के किसानों से भेंट करने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी और पता नहीं क्या-क्या कहते हैं। कृषि कानूनों को लेकर कहा कि मोदी जी ने कुछ देखा है? क्या उन्होंने देखा है कि प्रदेश के किसान किस हाल में हैं..क्या वो जानते हैं किसान किस मुश्किल का सामना कर रहे हैं, क्या मोदी जी ये जानते हैं कि आवारा पशु के कारण किसान भाई कितने परेशान हैं। प्रियंका ने कहा कि हम डरेंगे नहीं। आइए हमारे साथ ..हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। देश को बचाने के लिए बदलाव जरूरी है।

देश में नहीं कोई भी सुरक्षित

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि देश और प्रदेश त्रस्त है। किसी को भी मारा जा रहा है। देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सुरक्षित हैं तो मोदी जी और उनके खरबपति दोस्त। किसनों के पास पैसा नहीं और मोदी जी दो-दो विमान खरीद रहे हैं। केंद्र सरकार ने सिर्फ छलावा किया है।

मोदी के अरबपति मित्रों ने तय किए सेब के दाम

कृषि कानूनों का जिक्र कर कहा कि मोदी जी के अरबपति मित्रों ने पिछले साल हिमाचल से सेब को 88 रुपये प्रति किलो खरीदे थे, लेकिन इस बार जब लागत महंगी है तो वही सेब 77 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं। वो अपने मन से सेब के दाम तय कर रहे हैं। इससे किसानों का भला हुआ क्या?

परिवार को मुआवजा नहीं न्याय चाहिए

वाराणसी में किसान न्याय रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इस देश के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी के नीचे छह किसानों को निर्ममता से कुचल दिया और सब परिवार ये कहते हैं कि हमें मुआवज़ा नहीं न्याय चाहिए, लेकिन हमें न्याय दिलाने वाला इस सरकार में नहीं दिख रहा है।

प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर में मैं जब किसान नक्षत्र सिंह के घर गई तो परिवार ने बताया कि उनका बेटा बीएसएफ में दाखिल हुआ है। जब मैं रमन कश्यप पत्रकार के घर गई तो बताया गया कि उन्हें जीप के नीचे कुचला गया, क्योंकि वे सच का वीडियो बना रहे थे। मैं सरकार से पूछती हूं कि घटना का दोषी कौन है।

किसाना न्‍याय रैली में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़, दीपेंद्र हुड्डा सांसद, धीरज गुर्जर राष्ट्रीय सचिव, अजय कुमार लल्लू प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, आराधना मिश्र मोना, दीपक सिंह, पीएल पुनिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, राजेश मिश्रा पूर्व सांसद, पंकज मलिक, राजेश तिवारी, राकेश सचान, प्रमोद तिवारी, सलमान खुर्शीद, इमरान प्रताप गढी, विवेक बंसल, प्रदीप जैन आदित्य, कमल किशोर कमाण्डो, किशोरी लाल शर्मा, सुप्रिया श्रीनेत, अनुग्रह नारायण सिंह पूर्व विधायक, जितेन्द्र सिंह, मो मुकीम, सुहेल अंसारी, जफर अली नकवी, प्रदीप माथुर, नदीम जावेद, विश्व विजय सिंह, अनिल यादव, शहनवाज आलम, योगेश दीक्षित, मनोज यादव, वीरेन्द्र चौधरी समेत अन्‍य नेता व कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता और जनता आदि मौजूद रही।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का सीएम को जवाब, झाड़ू लगाना सादगी का प्रतीक, योगी जी ने किया करोड़ों महिला व दलित का अपमान