राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का लखनऊ में मौन सत्याग्रह, मोदी सरकार पर भी साधा निशाना

मौन सत्याग्रह
मौन सत्याग्रह करते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस की ओर से पूरे देश में मौन सत्याग्रह किया गया। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में शहीद स्मारक निकट गांधी सभागार, कैसरबाग पर एक दिवसीय मौन सत्याग्रह का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं, जिससे घबराकर मोदी सरकार ने लोकसभा की सदस्यता तक छीन लिया है। यहां तक की जिस तरह से मानहानि के मामले में राहुल गांधी को सजा सुनाई गई है, इतनी बड़ी सजा आज तक देश में किसी को नहीं मिली है।

बृजलाल खाबरी ने कहा कि ‘राहुल गांधी मोदी सरकार के खिलाफ अकेले ही संघर्ष कर रहे हैं। वह आज सच्चाई और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। देश व प्रदेश की वर्तमान स्थितियों को देखते हुए अब सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता एक साथ उनके साथ खड़े हैं। साथ ही खाबरी ने दावा किया कि पूरे देश के करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व आम लोग राहुल गांधी की इस लड़ाई में उनके साथ हैं।’

यह भी पढ़ें- मोदी सरनेम मामले में सजा के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता भी रद्द, मैं हर कीमत चुकाने को तैयार

राहुल गांधी के समर्थन में आयोजित इस मौन सत्याग्रह में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं के साथ प्रमुख रूप से राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्‍लू, कांग्रेस विधानमंडल दल नेता अराधना मिश्रा मोना, प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, मीडिया संयोजक अंशू अवस्थी, अशोक सिंह, सचिन रावत पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद, सुरेंद्र सिंह व रफत फातिमा समेत कांग्रेस के सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- राहुल की संसद सदस्यता रद्द होने पर कांग्रेस ने किया संकल्‍प सत्याग्रह प्रियंका ने साधा मोदी सरकार पर निशाना