रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति में शामिल हुई प्रज्ञा ठाकुर, कांग्रेस ने फैसले को बताया दुर्भाग्‍यपूर्ण

रक्षा मंत्रालय
साध्वी प्रज्ञा। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाली भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रक्षा मंत्रालय की कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की कमेटी का सदस्य बनाया गया है, इस कमेटी की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने इस फैसले को दुर्भाग्‍यपूर्ण करार दिया है।

डिफेंस मामलों की इस कमेटी में कुल 21 सदस्य हैं, इनमें साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का भी नाम है। कमेटी में चेयरमैन राजनाथ सिंह के अलावा फारुक अब्दुल्ला, ए. राजा, सुप्रिया सुले, मीनाक्षी लेखी, राकेश सिंह, शरद पवार, जेपी नड्डा आदि सदस्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- साध्‍वी प्रज्ञा के नाथूराम गोडसे को देशभक्‍त बताने वाले बयान के विरोध में कांग्रेस ने गांधी प्रतिमा के नीचे किया मौन प्रदर्शन

वहीं साध्वी प्रज्ञा के कमेटी में शामिल किए जाने को कांग्रेस पार्टी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कमलनाथ सरकार में मंत्री पीसी शर्मा ने इसकी निंदा की है, उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है। उन्होंने कहा कि पीएम ने कहा था कि उनपर कार्रवाई करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान जब साध्वी प्रज्ञा ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था, तो विपक्ष ने काफी हंगामा किया था। बढ़ते विवाद के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान दिया था कि वह कभी भी साध्वी प्रज्ञा को मन से माफ नहीं कर पाएंगे। इसी के बाद बीजेपी की ओर से साध्वी प्रज्ञा को विवादित बयान पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था और अनुशासनात्मक कमेटी को मामला सौंपा गया था।

यह भी पढ़ें- साध्‍वी प्रज्ञा के नाथूराम गोडसे को देशभक्‍त बताने पर उठा विवाद, भाजपा ने कहा साध्वी को मांगनी चाहिए माफी

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को जब से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया गया था, तभी से उनके बयान सुर्खियों में बने रहे हैं। फिर चाहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताना हो, विपक्षी नेताओं पर भाजपा नेताओं के ऊपर ‘मारक शक्ति’ का इस्तेमाल किए जाने वाला वक्तव्य हो। हर बार भाजपा की ओर से उनके बयान पर सफाई दी जाती है और उन्हें चेतावनी भी दी जाती है। इसके अलावा उन्होंने हेमंत करकरे को लेकर भी विवादित बयान दिया था।

आपको बता दें कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर 2008 मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। अभी भी ये मामला अदालत में चल रहा है।

यह भी पढ़ें- साध्‍वी प्रज्ञा ने फिर दिया विवादित बयान, अब नाली-शौचालय को लेकर कह दी ये बात, PM मोदी हो सकते हैं नाराज, देखें वीडियो