किताब पर नहीं थम रहा विवाद, अब सलमान खुर्शीद के घर पर मनबढ़ों ने की आगजनी-पथराव

सलमान खुर्शीद
घर में लगी आग।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की लिखी किताब पर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को उत्तराखंड के नैनीताल में सलमान खुर्शीद के घर पर मनबढ़ लोगों ने हमला बोल दिया और उनके घर पर आगजनी और पत्थरबाजी की गयी है। सलमान खुर्शीद ने फेसबुक पर तस्वीरें साझा करते हुए खुद ये जानकारी दी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि तो अब इस तरह की बहस होगी। शर्म एक बहुत अप्रभावी शब्द है। इसके अलावा मुझे अभी भी उम्मीद है कि हम एक दिन एक साथ आएंगे। सलमान खुर्शीद ने जो तस्वीरें फेसबुक पर साझा की हैं, उसमें कांच टूटे दिख रहे हैं, एक लकड़ी का टुकड़ा जमीन पर पड़ा है। लॉन में कुछ लोगों ने आग लगा रखी है। उनमें से एक के हाथ में भाजपा का झंडा है।

बाद में सलमान खुर्शीद ने मीडिया से कहा कि आईएसआईएस और बोको हराम इस्लाम नहीं हो सकता। आतंकवादी इस्लामी नहीं। उन्होंने कहा कि हिंदू मेरा धर्म नहीं है, लेकिन मुझे हिंदू धर्म पर गर्व है। ये मेरे भाईयों का धर्म है, देश का धर्म है, इसलिए इस धर्म पर मुझे गर्व है, जो लोग धर्म का विरोध करते हैं और उसका दुरुपयोग करते हैं, उनके बारे में मैंने ये बातें कहीं हैं। मेरी ये बात अब सच साबित हो गयी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनके साथ है। उन्होंने विरोधियों से कहा कि बातचीत के लिए उनके दरवाजे खुले हैं।

उत्तराखंड के कुमाऊं के डीजीआई नीलेश आनंद ने बताया है कि राकेश कपिल और 20 अन्य लोगों के खिलाफ इस मामले में कार्रवाई की गयी है। इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उन्होंने कहा है कि दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का एक और ऐलान, यूपी में कांग्रेस सरकार बनने पर आशा बहनों व आंगनबाड़ी कर्मियों को देंगे दस हजार मानदेय

सलमान खुर्शीद की यह किताब अयोध्या विवाद पर आये कोर्ट के फैसले पर आधारित है। आरोप है कि सलमान खुर्शीद ने इस पुस्तक में हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और बोको हराम जैसे खूंखार आतंकवादी संगठनों से कर दी है। इतना ही नहीं, सलमान खान ने हिंदुत्व की राजनीति को बेहद खतरनाक करार दिया है। जब विवाद बढ़ा, तो सलमान ने सफाई दी कि उनकी किताब को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

सलमान खुर्शीद ने कहा कि उन्होंने हिंदू या हिंदुत्व को आतंकवादी संगठन नहीं कहा। यूपी चुनाव से पहले आयी सलमान खुर्शीद की इस किताब पर बड़ी बहस छिड़ गयी है। कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेताओं ने खुद को सलमान खुर्शीद से अलग कर लिया है। ज्ञात हो कि सलमान खुर्शीद के खलाफ हल्द्वानी में एक केस दर्ज कराया गया है।

यह भी पढ़ें- सलमान खुर्शीद का मोदी-योगी सरकार से सवाल, रात में दाह संस्कार कर मां-बाप को अधिकार से वंचित करना, क्या ये है हिंदू राष्ट्र