प्रियंका का हमला, अस्‍पताल की जगह श्‍मशान की क्षमता बढ़ा रही योगी सरकार

न झुकने वाली आवाजों

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कोरोना की भयावह स्थिति पर बुधवार को एक बार फिर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में अमानवीयता चरम सीमा पर है। राज्य सरकार अस्पताल की क्षमता बढ़ाने की बजाय श्मशान घाट की क्षमता बढ़ा रही है।

इस दौरान प्रियंका ने कहा कि यूपी से चौंका देने वाली खबरें आ रही हैं। ऐसे समय में सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए तो सरकार की गलत नीतियां ही उनकी दिक्कतें बढ़ा रही हैं। जैसे निजी लैब को टेस्टिंग की इजाजत नहीं है, अस्पताल में भर्ती होने के लिए सीएमओ से पत्र चाहिए, सरकारी लैब में जांच रिपोर्ट सात दिन में आ रही है। सरकार के ये नियम लोगों के लिए समस्या बन गए हैं। जांच के लिए लंबी वेटिंग है, एडमिट होने के लिए लंबी वेटिंग है। सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए, तो मुश्किले बढ़ा रही है।

वहीं प्रियंका ने सरकार पर सरकारी आंकड़ों पर खेल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं कांग्रेस की तरफ से प्रदेश की जनता से वादा करती हूं कि कांग्रेस हर संभव मदद के लिए तैयार है। विपक्ष का धर्म है कि जनता के लिए लड़े, उनके सवालों को सरकार से पूछे और कांग्रेस इसके लिए प्रतिबद्ध है। यूपी में कोरोना की स्थिति भयावह हो चुकी है। हैरानी की बात ये है कि सरकार की तरफ से पूरा लापरवाही का आलम है।

यह भी पढ़ें- मतदान के बाद भाजपा प्रत्याशी की कार में मिली EVM पर प्रियंका ने उठाएं सवाल, चुनाव आयोग ने दी सफाई

दरअसल प्रियंका गांधी ने आज यूपी में कोरोना की मौजूदा स्थितियों पर वीडियो कॉनफ्रेंसिंग के जरिए नेताओं के साथ आपात बैठक की, जिसमें कांग्रेस महासचिव ने नेताओं को अपने क्षेत्र पर नजर रखने और वहां की रिपोर्ट भी भेजने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनता को हमें सहयोग करना है और इसके लिए हमें स्थितियों पर नजर रखनी हैं। क्षेत्रवार रिपोर्ट भेजी जाए ताकि स्थितियों को समझा जा सके। इससे हम एक जिम्मेदार पार्टी होने के नाते समझ पाएंगे कि जनता की कैसे मदद की जा सकती है। बैठक में प्रदेश के सभी मंडलों के प्रभारी, विधायक, पूर्व सांसद समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- कोरोना वैक्सीन की किल्लत को लेकर राहुल-प्रियंका ने मोदी सरकार को घेरा, वीडियो Tweet कर कहा, सुरक्षित जीवन सबका हक