योगी सरकार पर भड़कीं प्रियंका, महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में विफलता का लगाया आरोप

हाथरस में हैवानियत

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर एक छात्रा के अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार पर महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में विफल रहने का आरोप लगाया है।

प्रियंका गांधी ने आज सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है। अगर कोई महिला भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत करती है तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती।’’

यह भी पढ़ें- बोलीं प्रियंका, सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने प्रदेश में जंगलराज व योगी सरकार की विफलताओं पर लगाई मुहर

वहीं एक अन्‍य ट्वीट में एक पोस्‍ट को शेयर करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा ‘‘पिछले ही साल आरोपी पर से बलात्कार का मुकदमा भाजपा सरकार ने वापस लिया था। बहुत साफ है कि सरकार किसके साथ खड़ी है। प्रदेश की लड़कियां सब देख रही हैं। ‘‘उन्होंने कहा ‘‘आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गयी है। उसके साथ क्या हो रहा है, कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा।’’

प्रियंका ने आगे कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन भाजपा सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा।’’ उन्होंने एक खबर भी शेयर की जिसके मुताबिक सोशल मीडिया पर शोषण के आरोप संबंधी वीडियो पोस्ट करने वाली 23 साल की छात्रा शनिवार से गायब है। सोशल मीडिया पर शोषण के आरोप संबंधी वीडियो पोस्ट करने वाली कानून की पढ़ाई कर रही 23 साल की छात्रा है।

यह भी पढ़ें- जानें प्रियंका ने क्यों कहा, खोदा पहाड़ निकली चुहिया जैसा हो गया सरकार के स्किल इंडिया कार्यक्रम का हाल

मालूम हो कि शाहजहांपुर में चिन्मयानंद के एक महाविद्यालय से एलएलएम कर रही एक लापता छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके चिन्मयानंद पर जान से मारने की धमकी देने और खुद के बदहाली में जीने की बात बताते हुए सरकार से मदद मांगी थी।    इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर चिन्मयानंद के विरुद्ध अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- प्रदेश की हर लड़की के मन में सवाल, रसूखदार के खिलाफ सुनी जाएगी या नहीं उसकी आवाज: प्रियंका