शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने कहा ‘सिचुएशन कोई भी हो लोकेशन वही रहेगी, पत्‍नी के चुनाव लड़ने को लेकर कही ये बातें

लोकेशन वही
शत्रुघ्न सिन्हा (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। 

अपनी ही पार्टी पर हमलावर रहे भारतीय जनता पार्टी के सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को साफ किया कि हालात कैसे भी हों आने वाले लोकसभा चुनाव में वह पटना साहिब से ही मैदान में उतरेंगे। उन्होंने आज कहा, ‘सिचुएशन कोई भी हो लोकेशन वही रहेगी। वहीं अपनी पत्‍नी पूनम सिन्हा के चुनाव मैदान में उतरने के सवाल पर शत्रुघ्‍न ने रहस्य कायम रखते हुए कहा कि समय आने दो सब पता चल जाएगा।

यह भी पढ़ें- अखिलेश से मिले शत्रुघ्‍न, एयर स्‍ट्राइक पर कहा, उल्‍लास की वजह है पर सेलिब्रेशन की घड़ी नहीं

शत्रुघ्‍न सिन्हा ने अपने रांची प्रवास के दौरान मीडिया से बात की। पूनम सिन्हा के चुनाव मैदान में उतरने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘पूनम बहुत दिन से सामाजिक कार्यों में व्यस्त हैं। लोग चाहते भी हैं कि वह चुनाव लड़ें, लेकिन मैं उनके आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में न तो इनकार कर रहा हूं और न ही इकरार।

वहीं ये पूछे जाने पर कि क्या पूनम को सपा बसपा-गठबंधन में समाजवादी पार्टी की तरफ से टिकट की कोई पेशकश हुई है, उन्होंने कहा, ‘वक्त आने दो दोस्त सब कुछ साफ हो जाएगा। साथ ही इस सवाल पर कि क्या वह अपने मौजूदा लोकसभा क्षेत्र पटना साहब से ही चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब दिया, ‘सिचुएशन कोई भी हो लोकेशन वही रहेगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश से मिले शत्रुघ्‍न, एयर स्‍ट्राइक पर कहा, उल्‍लास की वजह है पर सेलिब्रेशन की घड़ी नहीं

बता दें कि पिछले काफी समय से शत्रुघ्न सिन्हा और भारतीय जनता पार्टी के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है और वह गाहे-बगाहे अपना असंतोष जाहिर भी करते रहते हैं। ऐसी खबरें आ रही थीं कि शत्रुघ्न सिन्हा के तेवर देखते हुए भारतीय जनता पार्टी शायद इस बार सिन्हा को अपना उम्मीदवार न बनाए। ऐसे में 26 फरवरी को शत्रुघ्न सिन्हा का लखनऊ आना और समाजवादी पार्टी मुख्यालय जाकर अखिलेश यादव से मुलाकात करना राजनीतिक सरगर्मियों को हवा दे गया। हांलाकि मुलाकात के बाद कहा जा रहा था कि शायद शत्रुघ्न की पत्‍नी पूनम सिन्हा सपा बसपा गठबंधन में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें- ममता का यशवंत और शत्रुघ्‍न सिन्हा से आग्राह, वास्‍तविकता जांचने असम भेजें टीम