स्‍वतंत्र देव ने बूथ अध्यक्ष को बताया भाजपा का ‘पावरहाउस’, पन्‍ना प्रमुख को दी ये जिम्‍मेदारी

पन्‍ना प्रमुख
बैठक को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बूथ अध्यक्ष भाजपा का पावरहाउस है। तेज-तर्रार एवं समर्पित बूथ समिति की बदौलत भाजपा केंद्र और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सत्ता में है। गुरुवार को यह बातें बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ के फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड की बूथ संख्या 282 पर नेता व कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए कही।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ‘सक्षम बूथ व सक्रिय बूथ’ ही चुनाव जीतने का मूलमंत्र है। बूथ पार्टी की नींव है इसलिए नींव मजबूत होना अति आवश्यक है।

आज प्रदेश अध्‍यक्ष ने स्वयं बूथ समिति का सत्यापन करते हुए बूथ अध्यक्ष राम आसरे वर्मा सहित सभी 21 सदस्य समिति सदस्यों से परिचय प्राप्त किया। परिचय मिलने पर बूथ समितियों में विभिन्‍न जातियों एवं वर्गो के समावेश पर हर्ष व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- मानसून सत्र में बोले CM योगी, एक करोड़ नौजवानों को देंगे टैबलेट-मोबाइल, अब यूपी के युवाओं के सामने नहीं आएगी मुंह छिपाने की नौबत, विपक्ष पर भी साधा निशाना

साथ ही मतदाता सूची के अनुसार बीजेपी की ओर से नामित किये गये पन्‍ना प्रमुखों को जिम्‍मेदारी देते हुए स्‍वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पन्‍ना प्रमुख के जिम्मे 60 मतदाता रहेंगे। जिनसे सम्पर्क, संवाद एवं समन्वय स्थापित करके चुनाव में उनके वोट डलवाने की जिम्मेदारी पन्ना प्रमुख की ही होगी। पन्ना प्रमुखों की चुनाव जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। लक्ष्य 2022 में जनप्रतिनिधि से लेकर कार्यकर्ता तक सभी को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दी जाएगी। वोटर लिस्ट में जिस पन्ने पर पार्टी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि का नाम होगा उसको अपने पन्ने के पन्ना प्रमुख के रूप में दायित्व का निर्वहन करना होगा।

चुनावी रणनीति के बारे में स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पार्टी की योजना के अनुसार बूथ विजय अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण में सभी बूथ समितियों का सत्यापन कार्य 25 अगस्त से 31 अगस्त तक पूर्ण किया जाना है। जिसके लिए नियुक्त सत्यापन अधिकारी सत्यापित बूथ समितियां मंडल अध्यक्ष के पास 31 अगस्त तक जमा करेंगे जिसके बाद मंडल टीम फिर से सत्यापन कर बूथ समितियों को व्यवस्थित करते हुए तीन सितंबर तक पूरा करते हुए जिला अध्यक्ष के पास जमा करना है।

मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा मंडल अध्यक्ष राम शरण सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक मुन्ना सिंह चौहान,शक्ति केंद्र प्रभारी जेपी पांडे, महामंत्री पुनीत शुक्ला, पार्षद प्रतिनिधि राम किशोर वर्मा, मंडल मंत्री विजय रावत, वार्ड अध्यक्ष श्याम किशोर शुक्ला, ओमप्रकाश लोधी, मंडल आईटी प्रमुख मोहित मिश्रा समेत अन्‍य उपस्थित रहे।