ताजमहल पर सोम के विवादित बयान को कांग्रेस ने बताया भारतीय संस्कृति और धरोहरों पर कुठाराघात

ताजमहल विवाद

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के विधायक संगीत सोम द्वारा दिये गए ताजमहल और उसके इतिहास पर विवादित बयान को कांग्रेस प्रवक्‍ता आरए प्रसाद ने शर्मनाक और निन्‍दनीय करार दिया है। उन्‍होंने सोम पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे विश्‍व में भारतीय संस्‍कृति की पहचान और सातवें अजूबे के रुप में पहचान रखने वाले ताजमहल जैसी धरोहर को बदनुमा दाग बताना इनकी साम्‍प्रदायिक और विघटनकारी सोच को उजागर करता है।

यह भी पढ़ें- ताजमहल विवाद पर AIMIM ने कहा कभी आगरा न आएं योगी

अपने बयान में प्रदेश प्रवक्‍ता ने कहा कि संगीत सोम को यह मालूम होना चाहिए ताजमहल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया में सातवें अजूबे के रूप में जाना जाता है और विदेशी पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केन्द्र है। हेरीटेज के रूप में विश्व की संस्था यूनेस्को से इसे धरोहर के रूप में मान्यता प्राप्त है। भारत के हर नागरिक को ताजमहल गौरव की अनुभूति प्रदान करता है। भाजपा विधायक द्वारा ताजमहल को बदनुमा दाग कहना भारतीय संस्कृति और धरोहरों पर कुठाराघात है।

यह भी पढ़ें- गुजरात दौरे से पहले राहुल का मोदी पर तंज आज होगी जुमलों की बारिश

उन्‍होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश व देश में जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं भाजपा के आरएसएस पृष्ठिभूमि के लोग साम्प्रदायिक बयान देकर बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक में विभाजन पैदा कर इसका राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करते रहे हैं। सोम का यह कोई पहला विवादित बयान नहीं है इस प्रकार के विवादित बयान से वह पहले भी सुर्खियों में रहे हैं, लेकिन हमारे देश और प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा और आरएसएस के इस साम्प्रदायिक चाल को बखूबी समझ चुकी है

वहीं अन्‍य ऐतिहासिक जगहों का जिक्र करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी को ताजमहल बदनुमा दाग लगता है तो मुगलकाल में निर्मित लालकिला जहां से भारत के प्रधानमंत्री राष्ट्र के नाम संदेश देते हैं, जहां से देश की आस्था और अस्मिता जुड़ी हुई है। मुस्लिम शासक द्वारा निर्मित हैदराबाद हाउस जहां विदेशी राज्याध्यक्षों को प्रधानमंत्री रात्रि भोज देते है, संसद भवन जिसे अंग्रेजों ने बनवाया था जो हमारे देश की आस्था का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें- अध्‍यक्ष बनाएं जाने की मांग पर UP कांग्रेस कमेटी में राहुल गांधी के नाम पर लगी मोहर

इसके अलावा  भारत की रेल लाइनें जिन्हें अंग्रेजी शासन द्वारा बनाया गया था, आदि सैंकड़ों ऐसे स्मारक, विकास योजनाएं एवं भवन हैं जिन्हें मुगल शासकों एवं अंग्रेजी हुकूमत द्वारा निर्मित किया गया है। जो आज भी भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर के रूप में विद्यमान हैं, जिनका हमारा देश भरपूर उपयोग कर रहा है। इन धरोहरों के विरूद्ध बयान देना न सिर्फ अशोभनीय है बल्कि भारतीय संस्कृति और विरासत का अपमान है।

अपनी पार्टी के विषय में बात करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति और धरोहरों को संजोने का कार्य करती रही है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के इतिहास में तोड़मरोड़ करने एवं भारतीय संस्कृति, पहचान एवं धरोहरों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की जायेगी तो कांग्रेस पार्टी इसको बचाने के लिए हर स्तर पर विरोध करेगी।

यह भी पढ़ें- गुरदासपुर उपचुनाव में भाजपा को झटका, कांग्रेस के सुनील जाखड़ करीब दो लाख वोटों से जीते