युद्ध के दौरान यू‍क्रेन में फंसे एक और भारतीय छात्र को लगी गोली, उपचार के लिए ले जाया गया कीव

भारतीय छात्र को लगी गोली
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। रूस और यूक्रेन के जंग के बीच भारत के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। रूसी हमलों के बीच यूक्रेन की राजधानी कीव से लौट रहे एक भारतीय छात्र को गोली लगी है। घायल छात्र को आधे रास्ते से ही इलाज के लिए वापस कीव ले जाया गया है। इसकी पुष्टि पोलैंड में मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने की।

वीके सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हमने रिपोर्ट सुनी है। एक भारतीय छात्र को कीव में गोली लगी है, जिसे आधे रास्ते वापस ले जाया गया है। हम ज्यादा से ज्यादा भारतीय छात्रों की वतन वापसी की कोशिश में लगे हुए हैं। घायल छात्र के बारे में पता किया जा रहा है। हम इस पर नजर बनाए हुए हैं। जनरल सिंह उन चार मंत्रियों में से एक हैं, जिन्हें युद्ध प्रभावित यूक्रेन से भारतीयों की निकासी की निगरानी के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में विशेष दूत के रूप में भेजा गया है।

बता दें कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के बीच पहले ही दो भारतीय छात्रों की मौत हो चुकी है। एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में रूस ने हवाई हमला किया था। इसमें कर्नाटक के रहने वाले नवीन शेखरप्पा नामक छात्र की मौत हो गई थी। इसके बात विदेश मंत्रालय ने कहा था कि वे छात्र के शव को भारत लाए जाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र की गोलीबारी में गई जान, भारतीय दूतावास से था नाराज

वहीं दो मार्च को भी यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत हुई थी। मृतक चंदन जिंदल पंजाब का रहने वाला था और चार साल पहले मेडिकल की पढ़ाई करने यूक्रेन गया था। वह दो फरवरी को अचानक बीमार पड़ गया था। इसके बाद उसे आईसीयू में एडमिट करवाया गया था हालांकि, विदेश मंत्रालय ने कहा था कि चंदन की मौत नेचुरल डैथ है। यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास हमारे नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करता रहा है। दूतावास ने इससे पहले किसी भी हालत में कीव और खारकीव छोड़कर कहीं और पहुंचने की अपील की थी।

यह भी पढ़ें- आज ही छोड़ दें कीव’, रूस-यूक्रेन जंग के बीच भारतीय दूतावास का अपने नागरिकों को अलर्ट