यूपी के पूर्व CM मुलायम सिंह यादव का निधन, मेदांता में ली आखिरी सांस, मंगलवार को सैफई में होगा अंतिम संस्कार

मुलायम सिंह का निधन

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 82 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह के निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। वहीं इस खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह करीब 8:16 बजे आखिरी सांस ली। समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। अखिलेश ने ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।’’ मुलायम सिंह यादव को पिछली दो अक्टूबर को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वहीं मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि मेरे अग्रज, हम सभी के ऊर्जा के स्रोत और अभिभावक आदरणीय नेता जी अब हमारे बीच नहीं हैं। इस सत्य को स्वीकार कर पाना कठिन है। आप हमारी स्मृतियों व विचारों में सदैव जीवित रहेंगे।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह के निधन पर राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, राहुल गांधी व मायावती समेत देश की तमाम राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ ही हैं। पूर्वान्‍ह करीब 11 बजे समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर ये भी बताया कि नेता जी का पार्थिव शरीर को सैफई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11/10/2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा।

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव को 22 अगस्त को सांस लेने में तकलीफ और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था और एक अक्टूबर की रात को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां एक डॉक्टरो का पैनल उनका इलाज कर रहा था।

यह भी पढ़ें- #MulayamSinghYadav: यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित, सीएम योगी ने कहा, एक संघर्षशील युग का अंत

बता दें कि पहलवान और शिक्षक रहे मुलायम सिंह यादव ने लंबी सियासी पारी खेली। तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र में रक्षामंत्री रहे। उन्हें बेहद साहसिक सियासी फैसलों के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने सपा को फर्श से अर्श तक पहुंचाने का काम किया था। उनकी लंबी सियासी यात्रा रही। पहलवानी से लेकर राजनीति तक उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव की पत्‍नी साधना गुप्ता का निधन, मेदांता में ली आखिरी सांस

इससे पहले मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का इसी साल जुलाई में निधन हो गया था। फेफड़ों में संक्रमण के चलते उनका भी गुरुग्राम के मेदांता में ही इलाज के दौरान निधन हुआ था। साधना मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव की अस्‍तपाल में बिगड़ी तबियत, मेदांता के ICU में किया गया शिफ्ट, सांस लेने में हो रही दिक्‍कत