मुलायम सिंह यादव की पत्‍नी साधना गुप्ता का निधन, मेदांता में ली आखिरी सांस

साधना गुप्ता

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक व संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्‍नी साधना गुप्ता का शनिवार को निधन हो गया है। वह फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पति मुलायम सिंह भी आज देहांत से कुछ देर पहले उन्हें देखने पहुंचे थे। साधना गुप्ता, भाजपा नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं।

मिली जानकारी के अनुसार साधना को चार दिन पहले मेदांता अस्पताल के क्रिटिकल आईसीयू-5 में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान आज दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। वो साल 2020 में कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थी, जिसके बाद से लगातार उनका इलाज चल रहा था। बीते दिनों जब एक बार फिर से उनकी तबियत बिगड़ी तो उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव के साढ़ू ने अखिलेश पर लगाया गंभीर आरोप, “बोले, नेताजी को बनाया बंधक, हालत बहुत खराब”

बता दें कि साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था। जिसके बाद सपा सुप्रीमो ने साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था। साधना गुप्ता उत्तर प्रदेश के इटावा के बिधुना तहसील की रहने वाली थीं।

इनकी पहली शादी 1986 में फर्रुखाबाद के चंद्र प्रकाश गुप्ता से शादी हुई थी। इनकी शादी के बाद सात जुलाई 1987 में प्रतीक यादव का जन्म हुआ था। इसके दो साल बाद साधना और चंद्रप्रकाश अलग हो गए थे। इसके बाद साधना गुप्ता सपा के तत्कालीन सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आई थीं, और बाद में दोनों ने विवाह किया था।

यह भी पढ़ें- पत्‍नी साधना व बहु अपर्णा के साथ सैफई पहुंचे मुलायम, परिवार संग किया मतदान