UP राज्यसभा के सभी प्रत्‍याशी निर्विरोध निर्वाचित, भाजपा के आठ, सपा-बसपा से एक-एक उम्मीदवार पहुंचे उच्चसदन

निर्विरोध जीते
निर्वाचित राज्यसभा प्रत्याशी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए सोमवार को दस उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें आठ भाजपा, एक सपा और एक बसपा के उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा से हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, हरिद्वार दुबे, बृजलाल, गीता शाक्य, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और नीरज शेखर राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। जबकि समाजवादी पार्टी से डॉ. रामगोपाल यादव और बसपा से रामजी गौतम राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं।

वहीं निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए सदस्‍यों को सहायक निर्वाचन अधिकारी मोहम्‍मद मुशाहिद सईद ने उनके प्रमाण पत्र सौंपे। इन सभी का कार्यकाल 25 नवंबर 2020 से 24 नवंबर 2026 तक रहेगा।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और नीरज शेखर का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा था। अब ये तीनों निर्विरोध चुन लिए गए हैं। वहीं चार सांसद सपा से (सांसद चंद्रपाल सिंह यादव, राम गोपाल यादव, राम प्रकाश वर्मा और जावेद अली खान) हैं, जबकि बसपा के दो सांसदों राजाराम और वीर सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं कांग्रेस के पीएल पुनिया का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है, लेकिन सपा और बसपा से सिर्फ एक-एक सांसद ही राज्यसभा पहुंच सके हैं। वहीं कांग्रेस को खाली हाथ रहना पड़ा है।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव से पहले मायावती को झटका, BSP के पांच विधायकों ने वापस लिया प्रस्ताव, अखिलेश से भी की मुलाकात

राज्यसभा में अभी भाजपा के पास 86 सांसद हैं। आगामी 25 नवंबर तक भाजपा के तीन सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में यूपी से आठ सांसदों के राज्यसभा पहुंचने के बाद उच्च सदन में भाजपा की सदस्य संख्या 86 से बढ़कर 91 हो गई है।

यह भी पढ़ें- यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए सपा महासचिव रामगोपाल ने दाखिल किया नामांकन, अखिलेश भी रहें साथ