यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर केशव मौर्या का तंज, मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे केजरीवाल

यूपी विधानसभा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अ‍रविंद केजरीवाल यूपी की भाजपा सरकार के निशाने पर आ गए हैं। केजरीवाल के ऐलान पर मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने तंज कसते हुए कहा कि दो करोड़ की आबादी वाली दिल्ली संभल नहीं रही, वहीं 24 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश को संभालने की बात करने वाली पार्टी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है।

वहीं योगी सरकार के प्रवक्‍ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ‍ सिंह ने केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि केजरीवाल जी की आदत है डींगे मारने की। उन्होंने कहा है कि यूपी की जनता का कहना है कि आप (केजरीवाल) ने दिल्ली में बेहतर कोविड मैनेजमेंट और सुशासन दिया है, आप आइए और अब यूपी को भी संभालिए। लोकतंत्र में सभी का स्वागत है, लेकिन केजरीवाल को कई सवालों को जवाब देना होगा। उन्होंने पूछा कि कोरोना वायरस को लेकर, जो दिल्ली हाई कोर्ट ने टिप्पणी की है उस पर उनका क्या कहना है। आज कोरोना की स्थिति दिल्ली में क्या है?

यह भी पढ़ें- CM केजरीवाल का ऐलान, 2022 का यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP

सिद्धार्थनाथ सिंह ने आगे कहा कि आज दिल्ली की जनसंख्या दो करोड़ है, और यूपी की 24 करोड़, लेकिन कोरोना महामारी से जंग में आज दिल्ली कहां है? आज यूपी में देश में सर्वाधिक दो करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है। दिल्ली में मृत्यु दर भी बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कैसे यह दावा कर सकते हैं कि यूपी के लोग दिल्ली मॉडल की बात कर रहे हैं।

इतना ही नहीं योगी के मंत्री ने आगे कहा पूर्वांचल और बिहार के लोगों के लिए केजरीवाल ने जो कुछ कहा उसके बारे में वे क्या कहेंगे? पूर्वांचल और बिहार के लोगों की जो उन्होंने इंसल्ट की उसके लिए उन्हें जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय क्या है और यूपी की क्या है। दिल्ली में केजरीवाल ने कितने हॉस्पिटल बनवाए? यूपी में दो एम्स बन रहे हैं, दिल्ली में कितने बनवाए?

यह भी पढ़ें- AAP प्रवक्‍ता का दावा, जनता को बिल के नाम पर ठगने व अपने घोटालों पर पर्दा डालने के लिए ड्रामा कर रहा यूपी का बिजली विभाग