PWD कर्मी को शूटकर, ठेकेदार खुद को भी गोली मार पहुंचा आशियाना थाने, दोनों को कराया गया भर्ती

पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी
घटना के बाद जांच के लिए मौके पर पहुंची पुलिस।

आरयू संवाददाता, आशियाना। आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर एच में आपसी विवाद के चलते ठेकेदार शैलेंद्र सिंह ने पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी सर्वेश कुमार को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद ठेकेदार मौके से भाग निकला। घटना के समय सर्वेश कार्यालय जाने के लिए घर के बाहर खड़ी अपनी एक्टिवा साफ कर रहा था।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची आशियाना पुलिस पड़ोसियों की सहायता से घायल को अस्‍पताल में भर्ती कराने के साथ ही आरोपित की तलाश ही कर रही थी कि ठेकेदार खुद को भी गोली मारने के बाद आशियाना थाने पहुंच गया। हमलावर को खून से लथपथ देख थाने में हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिस ने शैलेंद्र को भी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराने के साथ ही अपनी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सर्वेश कुमार पत्‍नी ममता व सात साल के बेटे यश और छोटी बहन सरिता के साथ आशियाना के सेक्टर एच स्थित मकान में रहते हैं। सर्वेश कुमार पीडब्ल्यूडी में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पत्‍नी ममता सचिवालय में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

यह भी पढ़ें- साइबर सेल में तैनात दरोगा के फ्लैट में महिला की गोली लगने से मौत, हत्‍या-आत्‍महत्‍या में उलझी पुलिस

बताया जा रहा है कि कृष्णा नगर के जोधा खेड़ा निवासी शैलेंद्र सिंह साल 2018 में सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद से पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी कर रहा है। इंस्‍पेक्‍टर आशियाना के मुताबिक ममता व शैलेंद्र का परिवार एक ही मोहल्‍ले में रहता है और दोनों परिवारों के बीच अच्‍छे संबंध हैं। जिसके चलते शैलेंद्र सिंह अक्सर सर्वेश कुमार के घर आता जाता रहता था।

आज सुबह भी शैलेंद्र सर्वेश के घर आया था, तभी किसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई और आपस में मारपीट करने लगे। बात बढ़ी तो शैलेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर सर्वेश कुमार पर तान दी, मामला बढ़ते देख पत्‍नी ममता ने बीच-बचाव किया, तो दो फायर उपर की तरफ निकल गए, जबकि एक गोली सर्वेश कुमार के पेट में जा लगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: संदिग्‍ध परिस्थितियों में सपा MLC के फ्लैट में गोली चलने से युवक की मौत, बर्थडे पार्टी के दौरान हुई घटना

सूत्रों की मानें तो दोनों परिवारों में अच्छे संबंध होने के बाद भी शैलेंद्र सिंह द्वारा गोली मारने से उसे आत्मग्लानि हुई और उसने बाद में खुद को कंधे पर गोली मारने के साथ ही आशियाने थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शैलेंद्र की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद करने के साथ ही उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जाती है जबकि पेट में गोली लगने की वजह से सर्वेश की स्थिति चिंताजनक बनी है।

इंस्‍पेक्‍टर आशियान ने बताया कि पत्‍नी ममता की तहरीर पर पुलिस ने शैलेंद्र सिंह के खिलाफ हत्‍या का प्रयास व अन्‍य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।

गुमराह करती रही पुलिस-

दूसरी ओर आज दिनदहाड़े गोली मारे जाने की घटना पर पुलिस तथ्यों को छुपाती रही,आरोपी का नाम और पूर्व परिचित होने की जानकारी होने पर भी टरकाती रही। आरोपी शैलेंद्र सिंह के घायल अवस्था में आशियाना पुलिस को मिलने के बाद भी जानकारी छिपाती रही पुलिस, कभी वृंदावन योजना सेक्टर छह में मिलने की सूचना फैलाई। बाद में पता चला कि शैलेंद्र सिंह ने खुदकुशी करने का प्रयास किया हालांकि बाद में पुलिस ने माना कि शैलेंद्र ने आशियाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।

यह भी पढ़ें- पत्‍नी के छोड़कर जाने के गम में युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, नौ साल पहले की थी लव मैरिज