विकास दुबे के साथ न्याय की उम्मीद भी हो गई दफन: ओपी राजभर

ओपी राजभर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। कानपुर हत्‍याकांड का मुख्य आरोपित विकास दुबे शुक्रवार को एसटीएफ द्वारा एनकाउंटर मे मारा गया है। वहीं एनकाउंटर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सवाल उठाते हुए योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “जिसका था अंदेशा वही हो गया, कानपुर कांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे अगर मुंह खोलता तो कई बड़े नेता और अफसर अपना मुंह खोलने लायक नहीं रहते! इससे पहले वो जुबान बंद कर दी गई। अब विकास दुबे के साथ न्याय की उम्मीद भी दफन हो गई।

ओम प्रकाश राजभर ने आज अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा जिसका था अंदेशा वही हो गया,कानपुर कांड मुख्य आरोपी विकास दुबे अगर मुंह खोलता तो कई बड़े नेता और अफसर नहीं रहते अपना मुंह खोलने लायक! कोई तो बड़ा शख्स है,इसके पीछे जो नहीं चाहता था कि विकास दुबे मजिस्ट्रेट के सामने सच्चाई बताता उससे पहले बंद कर दी गयी वो जुबान!

यह भी पढ़ें- आखिरकार मारा ही गया दुर्दांत विकास दुबे, गाड़ी पलटने के बाद पुलिस ने किया एनकाउंटर

वहीं राजभर ने अपने दूसरे ट्वीट में योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों को न्याय मिला कहां? शहीदों को न्याय तब मिलता जब विकास दुबे से जुड़े पुलिस और नेताओं का पूरा सिंडिकेट बेनकाब होता। #विकास_दुबे के साथ न्याय की उम्मीद दफन हो गई। पहले चिट्ठियां गायब, सबूत दफन, विकास दुबे ने योगी सरकार का असली चेहरा जनता के सामने लाकर रख दिया।

यह भी पढ़ें- पकड़ा गया आठ पुलिसवालों का हत्‍यारोपित विकास, “खुद ही चिल्‍लाकर कह रहा था मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला”

बता दें कि दो जुलाई की रात विकास दुबे ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया था। इस हमले में क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद विकास दुबे अपने गुर्गों के साथ फरार हो गया था। नौ जुलाई को ही उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाहर से विकास दुबे को पकड़ लिया गया। उसे कानपुर पुलिस और एसटीएफ की टीम कानपुर ला रही थी, तभी गाड़ी पलट गई और विकास दुबे हथियार छीनकर भागने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास दुबे मारा गया है।

यह भी पढ़ें- इस IPS अफसर ने कल ही बता दिया था, कैसे मारा जाएगा विकास दुबे, Tweet हो रहा वायरल