नाराजगी के बाद मायावती ने योगी सरकार के फैसले का किया स्वागत, कही ये बातें

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गुरुवार को योगी सरकार की तारीफों के कसीदे पढ़ें हैं। बसपा मुखिया ने मुरादाबाद स्थित तथागत गौतमबुद्ध पार्क में सीनियर केयर सेंटर बनाए जाने के प्रस्ताव पर नाराजगी जताने के बाद अब योगी सरकार के फैसले का स्वागत किया है। मायावती ने कहा कि उम्मीद है कि यूपी सरकार आगे भी प्रदेश में सामाजिक शान्ति, आपसी सदभाव बनाये रखने के लिये जरूरी कदम उठायेगी।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें कहा कि उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद में प्रसिद्ध मान्यवर कांशीराम जी नगर में स्थित तथागत गौतम बुद्ध पार्क, जो शहर का लोकप्रिय पार्क है तथा यह बौद्ध धर्म व बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर एवं कांशीराम जी तथा विभिन्न वर्गों में भी विशेषकर बहुजन समाज के अनुयाइयों की आस्था का स्थल भी है, ’सीनियर केयर सेन्टर’ का निर्माण अब नहीं करके इसे अन्यत्र बनाने का फैसला स्वागत योग्य कदम है, जिसके लिये राज्य सरकार को भी धन्यवाद। उम्मीद है कि यूपी सरकार आगे भी प्रदेश में सामाजिक शान्ति, आपसी सदभाव एवं भाईचारा बनाये रखने के लिये जरूरी कदम उठायेगी।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के फैसले से खुश हुईं मायावती, मुख्यमंत्री को धन्यवाद देकर कहा, नहीं बिगड़ना चाहिए भाईचारा

इससे पहले मायावती ने कहा था कि मुरादाबाद के मान्यवर  कांशीराम जी नगर स्थित गौतमबुद्ध पार्क, जो बौद्ध धर्म के साथ बहुजन समाज के अनुयायियों की आस्था का स्थल है। वहां नगर निगम द्वारा सीनियर केयर सेंटर का निर्माण कराए जाने से लोगों में रोष है और माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने मांग की थी कि सरकार तत्काल इस निर्माण पर रोक लगाए ताकि शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को नुकसान न पहुंचे।

यह भी पढ़ें- मोदी को वोट चोर कहने पर मायावती नाराज, कहा राजनीति का गिरता स्तर अति दुखद व चिंतनीय