कृषि बिल व श्रम कानून के विरोध में प्रसपा का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

प्रसपा का प्रदर्शन
प्रसपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिल, श्रम कानूनों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सोमवार को राजधानी लखनऊ में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने प्रदर्शन किया। साथ ही विरोध प्रदर्शन कर पहली बार सत्‍तापक्ष को विपक्ष के रुप मे अपनी ताकत दिखाई। वहीं प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रसपा कार्यकर्ताओं पर बलप्रयोग करते हुए भी लाठीचार्ज। इस दौरान पुलिस ने प्रसपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

प्रदर्शन के लिए आज सुबह से ही प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं का प्रसपा कार्यालय पहुंचना शुरु हो गया था। कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कार्यालय पहुंचे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कार्यकताओं का कहना था कि वे लोग मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- बेरोजगारी के खिलाफ साइकिल संदेश यात्रा को झंडी दिखाकर बोले शिवपाल, युवाओं को करेगी जागरुक

कार्यकर्ताओं ने कहा, किसान विरोधी बिल, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों पर सीएम योगी को ज्ञापन देना था, लेकिन योगी सरकार ने लाठियां दी। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। सरकार से अपनी बात कहने पहुंचे कार्यकर्त्ताओ पर लाठियां बरसवाईं। जनता के हित मे हमलोग सड़को पर फिर उतरेंगे।

बताते चलें कि प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव इटावा में हैं, फिर भी प्रसपा छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया, फिर हिरासत में लेकर इको गार्डन पहुंची। जहां मुचलका भरवाकर सभी को रिहा कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- शिवपाल का योगी सरकार पर निशाना, कोरोनाकाल में जब जनता की सेवा करनी चाहिए तब हो रहा भ्रष्‍टाचार