महिला कांग्रेस ने नोटबंदी की दिक्‍कतों के खिलाफ किया अनोखा प्रदर्शन

jaib khali bajoa thali
जेब खाली, बजाओ थाली मार्च निकाालते कांग्रेसी। फोटो- आरयू

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। नोटबंदी के बाद देश की जनता को हो रही दिक्‍कतों के खिलाफ आज महिला कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। मोदी सरकार को संवेदनहीन बताते हुए महिलाओं ने प्रदेश कार्यालय से थाली-बेलन मार्च निकाला। इस दौरान महिलाओं ने मार्च में बेलने से थाली बजाते हुए ‘गरीबों की जेब खाली, बजाओ थाली’ का नारा लगाया।

उत्‍तर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्‍यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से 50 दिन मांगे थे, लेकिन 60 दिन बीत जाने के बाद भी आज भी लोग लंबी लाइनों में अपने ही पैसा लेने के लिए खड़े है। महिलाएं मोदी सरकार के इस तानाशाही फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरी हैं।

महिलाओं को नोटबन्दी से सबसे ज्यादा पीड़ा पहुंची है। महिलाओं के बगैर देश का विकास संभव नहीं है। जिस प्रकार मोदी सरकार ने गलत तरीके से नोटबंदी का निर्णय लिया है, इसका खामियाजा उन्हें विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर में जिस तरह से आज महिलाओं ने हिस्‍सा लिया उससे यह साफ हो चुका है कि महिलाएं चुनाव में मोदी सरकार को भरपूर सबक सिखाएंगी। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से शा‍स्‍त्री मार्ग तक निकाले गए मार्च का नेतृत्‍व प्रदेश अध्‍यक्ष राजबब्‍बर के साथ ही प्रतिमा सिंह ने किया।

कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नीलम सिंह एवं, शहर अध्यक्ष सुमन उपाध्याय, प्रदेश पदाधिकारी सुधा सिंह, सुशीला शर्मा, सिद्धिश्री, आशा सिंह, सुशीला सोनकर, नूतन बाजपेयी, मनू सिंह, मनीशा सिंह, सुनीता रावत, सरलेस रावत, उमा पाण्डेय, आयशा खान, अराधना तिवारी, लक्ष्मी वर्मा, अरशी खान, ममता सिंह, सैण्डा डेविड, परवीन खान, साबरा खातून, सुमन, ओलगा, हेलन, सीमा सिंह, सतना सिंह, मधु सिंह, सुमन प्रजापति समेत सैकड़ों महिलाएं एवं अन्‍य पदाधिकारी मौजूद रहे।