आरयू ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश में बिगड़ी कानून-व्यवस्था व सहारनपुर कांड को लेकर आज समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही अराजक तत्वों की बन आयी है। रोजाना हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार की घटनाएं हो रही है। गरीब तबाह हो रहे हैं। अहंकार में चूर भाजपा के मंत्री, विधायक खुद ही कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं।
यह भी पढ़े- अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना, कहा आप रंग से चाहते हैं लोगों को डराना
प्रवक्ता ने कहा कि कानून-व्यवस्था व महिलाओं के हित की बात कर सत्ता में आई योगी सरकार के राज में महिलाएं असुरक्षित है। भाजपा सरकार के 60 दिनो में ही दलितों का सर्वाधिक उत्पीड़न होने लगा है। मुख्यमंत्री ने असमाजिक तत्वों को जो चेतावनी दी उसका कोई डर कहीं दिखता नहीं है। सहारनपुर कांड योगी सरकार पर सबसे बड़ा काला धब्बा है।
हालात अब यह है कि आजादी के 70 वर्ष में दलित आत्म सम्मान के साथ जीने से वंचित है और उन्हें पलायन तथा धर्म परिवर्तन के लिए भी विवश होना पड़ रहा है। क्षेत्र में हिंसा पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। तलवार और दूसरे घातक शस्त्रों का इस्तेमाल हो रहा है। परिवार दहशत में है। कम से कम सहारनपुर में तो पूरी प्रशासनिक व्यवस्था विफल हो गयी है।
यह भी पढ़े- सपा सरकार के कामों को बदनाम करने की साजिश कर रही योगी सरकार: अखिलेश
यह स्थिति लोकतंत्र एवं धर्मनिरपेक्षता के लिए भी खतरा है। यह खतरा तब और भी बढ़ जाता है जब योगी आदित्यनाथ गर्व से कहते हैं कि प्रदेश में विपक्ष का वजूद नहीं बचा है। भाजपा-आरएसएस अपने सभी विरोधियों का वजूद मिटाने की साजिशों में लगा हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि सपा सहारनपुर घटना की कड़ी निंदा करती है। और मांग करती है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा एवं सुरक्षा दी जाए और वहां उपद्रव में शामिल एवं भड़काने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई हो।




















