जनसंपर्क, सभा व सोशल मीडिया के जरिए 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक अभियान चला जनता को CAA के बारे में बताएगी BJP

जन-जागरण अभियान
कार्यशाल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए अब भाजपा ने जन-जागरण अभियान चलाकर जनता को इसके प्रति जागरुक करने का फैसला लिया है। अगामी 26 दिसंबर से शुरू होकर 25 जनवरी तक चलने वाले इस जागरुकता अभियान की योजना व रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार को बीजेपी के हजरतगंज स्थित प्रदेश मुख्‍यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यशाला में अभियान से जुड़े पार्टी संगठन के क्षेत्रीय व जिला स्तर के पदाधिकारी सम्मलित हुए।

साथ ही कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि भाजपा महीने भर चलने वाले इस अभियान के तहत पूरे उत्‍तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान, संवाद, रैलियां, सभाएं, प्रेसवार्ता व सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक अपनी बात पहुंचाएगी। वहीं अभियान की सफलता के लिए 26, 27 व 28 दिसंबर को जिला स्तर जबकि 30 और 31 दिसंबर को मंडल स्तर पर भाजपा के नेता बैठक करेंगे।

झूठ बोलकर जनता में भ्रम फैलाने का किया जा रहा प्रयास 

आज बीजेपी की कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर विपक्षी दलों द्वारा लगातार झूठ बोलकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में हम सब कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि राष्ट्र हित में नागरिकता संशोधन अधिनियम के सच को बताने के लिए जनता के बीच जाये।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल, फायरिंग में युवक की मौत, फूंकीं गई पुलिस चौकी व दर्जनों वाहन, तोड़फोड़, पथराव, लाठीचार्ज

उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा शुरू किये जा रहे जन-जागरण अभियान के तहत संगठन की योजना के अनुसार मिली जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका निर्वाहन करना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून करोड़ों लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करेगा। बावजूद इसके विपक्षी दल सिर्फ वोट बैंक की लालच में अधिनियम का विरोध कर रहे है।

50 लाख से अधिक परिवारों से संपर्क करने का किया है फैसला

वहीं सुनील बंसल ने कार्यशाला को संबोधित कर कहा कि जन जागरण अभियान के तहत 29 व 30 दिसंबर को प्रदेश के जिला केंद्रों पर पत्रकारवार्ता आयोजित की जायेगी, जबकि एक से पांच जनवरी 2020 तक संपर्क अभियान चलाया जायेगा। संपर्क अभियान के तहत पार्टी ने पूरे प्रदेश में लगभग एक लाख गांवों तक पहुंचने के संकल्प के साथ ही 50 लाख से अधिक परिवारों में संपर्क करने का फैसला किया है।

साथ ही सामाजिक संपर्क अभियान व विशेष संपर्क अभियान के माध्यम से पार्टी के मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी समाज के प्रबुद्ध वर्ग जैसे डाक्टर, अधिवक्‍ता, प्रोफेसर, अध्यापक, सेवानिवृत अधिकारियों सहित समाज के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों से संपर्क कर उन्हें नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के सच को बतायेंगे।

यह भी पढ़ें- #CAANRC: दिनेश शर्मा का पलटवार, जनता में डर व हिंसा का वातावरण बनाने के लिए विपक्ष जिम्मेदार

प्रदेश महामंत्री ने आगे कहा कि अभियान के तहत छह से 15 जनवरी के बीच रैली व सभाएं आयोजित कर जनता को बीजेपी जागरुक करेगी। इसके लिए बीजेपी सभी छह क्षेत्रों में विशाल जनसभाएं आयोजित करेगी। साथ ही जिला स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। जिला स्तर पर आयोजित की जाने वाली रैलियों (पदयात्रा) में समाज के सभी वर्गो को साथ लेकर प्लेकार्ड इत्यादि के माध्यम से नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 को लेकर जनता के बीच जन-जागरण अभियान चलाया जायेगा। इन सबके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनता तक नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के प्रावधानों को पहुंचाया जायेगा।

वहीं इस अभियान के प्रमुख व पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने अभियान के बारे में बताते हुए कार्यशाला में कहा कि इसके तहत पार्टी योजना रचना के अनुसार हम सबको प्रदेश में व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर जन-जन तक पहुंचना है।

यह भी पढ़ें- मुस्लिम धर्मगुरुओं से मिल बोले स्वतंत्र देव, किसी भारतीय के अधिकारों को प्रभावित नहीं करता CAA, कल्बे जव्वाद ने भी कही ये बातें

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर,  पंकज सिंह, सलिल विश्‍नोई, नीलिमा कटियार, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह व प्रकाश पाल, शिव कुमार पाठक समेत अभियान से जुड़े पार्टी के क्षेत्रीय व जिला स्तर के प्रतिनिधि मौजूद रहें।