कांग्रेस शनिवार से यूपी में ‘भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा’ की शुरूआत कर योगी सरकार से करेगी संकल्‍प पत्र के वादों को पूरा करने की मांग

भारत जोडो किसान संकल्प यात्रा
भारत जोडो किसान संकल्प यात्रा की जानकारी देते कांग्रेस के नेतागण।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्‍व में कांग्रेस द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद अब यूपी कांग्रेस की किसान विंग कुछ इसी तर्ज पर योगी सरकार को यूपी में घेरेगी। अगामी शनिवार से ‘भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा’ की शुरूआत कर यूपी किसान कांग्रेस योगी सरकार से चुनावी संकल्‍प पत्र में किसानों से किए गए मांगों को पूरा करने की मांग करेगी।

आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन जगदीश सिंह ने बताया कि ‘भारत जोडो किसान संकल्प यात्रा’ में पदाधिकारीगण स्थानीय किसानों को साथ लेकर हर दिन ढाई किलोमीटर की की पदयात्रा करेंगे व गांव के किसान परिवार के द्वार यात्रा के यात्रीगण विश्राम करेंगे। साथ साथ जिस गांव में यात्रा पहुंचेगी वहां के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 3,570 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा का आगाज कर बोले राहुल गांधी, भाजपा सरकार में खतरे में है हर संस्था

कांग्रेस इसके अलावा प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, देवीपाटन, बरेली, मंडल के जनपद के तहसील, ब्लाक व ग्राम पंचायतों के स्तर तक भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा का आयोजन करेगी। भारत जोड़ों किसान संकल्प यात्रा के माध्यम से हम कांग्रेसजन योगी सरकार द्वारा किसानों के लिए संकल्प पत्र में किये गये वादों को पूरा करने की मांग करेगी।

कॉरर्पोट घरानों की संपत्तियां कई गुना बढ़ी, लेकिन…

उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि साल 2014 से अब तक कॉरर्पोट घरानों की संपत्तियां कई गुना बढ़ी हैं, लेकिन किसान की प्रतिदिन आय मात्र 27 रूपये ही है। मौजूदा समय में प्रत्येक किसान पर लगभग 74000 रुपये का कर्ज है।

नफरत की खेती फल-फूल रही

भाजपा की राजनी‍ति करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि नफरत की खेती फल-फूल रही है। बजाय किसान मुद्दों पर कार्य करने के उनके जीवन स्तर के सुधार हेतु कुछ नहीं किया जा रहा। निरंतर आय दुगनी किये जाने के झूठे वादे किये जा रहें हैं। वही दूसरी ओर ऐसे कानून लाये जा रहें हैं जिससे किसानी के अस्तित्व पर ही खतरा मंडरा रहा।

यह भी पढ़ें- महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हल्‍ला बोल रैली में राहुल का PM मोदी पर हमला, बढ़ रही नफरत, कमजोर हो रहा देश, BJP-RSS के नेता बना रहें डर का माहौल

सुशील तिवारी ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपने वादे में मुफ्त बिजली की बात करती है, लेकिन अपने प्रेस नोट में कृषि विद्युत बिल व राजस्व वसूली का स्थगन करती है जो कि एक विरोधाभास है।

प्रेसवार्ता में उपाध्यक्ष महबूब किदवई व जयंत चौधरी ने भी भाजपा सरकार की नीति और नीतियों पर सवाल उठाया।