आरयू वेब टीम। हरियाणा के अंबाला से तीन बार के भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया का गुरुवार को पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया। सांसद 72 वर्ष के थे और उनका निमोनिया का इलाज चल रहा था। कटारिया आधी सदी से अधिक समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हुए थे। कटारिया के निधन की सूचना मिलने के बाद हरियाणा सहित पूरे देश में शोक की लहर छा गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक रतन लाल कटारिया की अंतिम यात्रा सेक्टर चार एमडीसी से सुबह 11:30 बजे निकली। जिसके बाद अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे मनीमाजारा श्मशान घाट पर किया गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। कटारिया ने अपने कार्यकाल के दो साल बाद जुलाई 2021 में केंद्रीय राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
गौरतलब है कि रतन लाल कटारिया का जन्म 19 दिसंबर 1951 को हरियाणा के यमुनानगर जिले में हुआ था और उनकी पढ़ाई लिखाई कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से हुई थी, उन्होंने वकालत की पढ़ाई भी की थी और राजनीतिज्ञ विज्ञान में एमए किया था।
यह भी पढ़ें- यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे बाहुबली नेता हरिशंकर तिवारी का निधन
2019 के लोकसभा चुनाव में, कटारिया ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा को अंबाला (सुरक्षित) सीट से लगभग 3.42 लाख मतों के अंतर से 57 प्रतिशत वोट हासिल करके हराया था। इससे पहले वह 1999 और 2014 में अंबाला लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्हें दो बार कुमारी शैलजा से हार का सामना करना पड़ा था।




















