लखनऊ में कांग्रेस का हल्ला बोल, अजय राय ने कहा, क्राइम रुकने की जगह बढ़ रहा

कांग्रेस का हल्‍ला बोल
प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध का आरोप लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में हल्ला बोला। बुधवार को छह जिलों से शहीद स्मारक पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधी भाजपा के सदस्य और विधायक बन गए हैं। क्राइम रुकने की जगह बढ़ता जा रहा है। ऐसी सरकार से आम आदमी परेशान है। कहीं न्याय नहीं मिल रहा। बेगुनाहों को यूपी पुलिस मार रही, मंगेश यादव का एनकाउंटर इसका उदाहरण है।

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति बहुत खराब है। लगातार हम यूपी के 75 जिलों का दौरा कर रहे हैं, सबसे अधिक महिलाओं से संबंधित शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस कस्टडी में लखीमपुर में एक दलित लड़के की हत्या कर दी गई। अयोध्या में मंदिर में एक बिटिया के साथ आठ लोगों ने मिलकर रेप कर दिया। मंगेश यादव की हत्या कर दी गई । निश्चित रूप से पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त:अविनाश

वहीं कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही रायबरेली में हमारे एक युवा साथी अर्जुन पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी को बचाने का पूरा प्रयास किया गया। नेता प्रतिपक्ष हुल गांधी खुद रायबरेली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले और प्रदेश सरकार से सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की।

यह भी पढ़ें- अजय राय का आरोप, धर्म को अपनी सियासत का आधार बना वैमनस्यता फैला रहें योगी आदित्‍यनाथ

इसके साथ ही भाजपा का कहना है कि अपराधी अब उत्तर प्रदेश में नहीं हैं के सवाल पर अजय राय ने कहा निश्चित रूप से सभी लोग भाजपा के सदस्य और विधायक बन गए। बहराइच में हम गए थे दो भेड़िया अभी भी वहां घूम रहे हैं, लोगों को काट और मार रहे। इसके साथ ही बुलडोजर की कार्रवाई पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने कहा, अडानी का विदेशी निवेश भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नुकसानदेह

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शरद मिश्रा, प्रदेश सचिव अतुल सिंह, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, डॉ. मसूद अहमद, राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, श्याम किशोर शुक्ला, इन्दल रावत, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता,  प्रदीप सिंह, सचिन रावत, अल्पसंख्यक कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर शमीम खान, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, शहजाद आलम, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के चेयरमैन मनोज यादव, जियाराम वर्मा, विजय बहादुर व पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव समेत कांग्रेस के अन्‍य व कार्यकर्ता मौजूद रहें।