अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा
मीडिया से बात करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। सपा मुखिया ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार है। भाजपा ने किसानों से आय दोगुनी करने से लेकर अन्य कई बड़े- बड़े वादे किये, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। यह सरकार किसानों को खाद-बीज और अन्य सुविधाएं भी नहीं उपलब्ध करा पा रही है।

अपने बयान में सपा मुखिया ने कहा कि किसानों को आलू, गेहूं और अन्य फसलों की बुआई के लिए डीएपी, एनपीके और अन्य उर्वरकों की आवश्यकता है, लेकिन कन्नौज, मैनपुरी, संभल समेत अन्य जिलों के किसान डीएपी खाद और उर्वरकों के लिए भटक रहे है। सहकारी समितियों पर उर्वरक नहीं है। संभल में डीएपी के लिए किसान दिनभर लम्बी लाइन में खड़े दिखाई देते है। फिर भी खाद नहीं मिल रही है। किसान खुद को ठगा महसूस कर रहा है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्नदाता चौतरफा संकटों से घिरा हुआ है। तराई जिलों में किसान बाढ़ से पीड़ित हैं। सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उनकी फसलें बर्बाद हो चुकी है। सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही है। बहराइच, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर और सीतापुर में भेड़िया और जंगली जानवरों से किसानों और आम लोगों में दहशत है। जंगली जानवरों के हमले में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसी तरह से छुट्टा जानवरों के कारण भी किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन यह सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी पर निशाना, कमजोर ही एनकाउंटर को मानते अपनी ताकत, किसी का भी फर्जी एनकाउंटर है नाइंसाफी

इतना ही नहीं भाजपा सरकार में पूरे सिस्टम पर भ्रष्टाचार और अकर्मण्यता हावी है। किसानों को लेकर हमेशा इस सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण रहा है। भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी और शोषणकारी है। किसानों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश का किसान भाजपा के झूठ और लूट को समझ चुका है। अब किसान इस सरकार को बर्दास्त नहीं करेगा। आने वाले समय में भाजपा को सबक सिखाएगा।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने STF को बताया स्पेशल ठाकुर फोर्स, एनकाउंटर पर फिर उठाएं सवाल