अखिलेश का भाजपा सरकार पर हमला, 2022 चुनाव में हमें EVM व DM से रहना होगा सावधान

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर ‘ईवीएम और डीएम’ के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव देश का सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा है। वहीं बिहार चुनावा का जिक्र करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि बिहार के चुनाव में बेईमानी ईवीएम और डीएम ने की, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता ने जवाब दिया। अब हमें इस बार ईवीएम और डीएम से सावधान रहना होगा।

लखनऊ में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्वकर्मा समाज का अपमान करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि यूपी में सत्ता में आने पर सपा विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी बहाल करेगी। इसके साथ ही लखनऊ में गोमती नदी के किनारे भगवान विश्वकर्मा के भव्य मंदिर का निर्माण होगा।

यह भी पढ़ें- सपा कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, “भाजपा की सबसे बड़ी ताकत ‘झूठ’, राजनीति में ढूंढती है कारोबार”

इस दौरान सपा सुप्रीमो ने भाजपा सरकार पर हर वर्ग के लोगों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने झूठ का रिकॉर्ड बना दिया। कहीं भाजपा वालों का ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट भी है, जहां से झूठ बोलना सिखाया जाता है। समाज में हर तरफ झूठ फैलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी खत्म कर दी। विश्वकर्मा समाज का मुख्यमंत्री जी ने अपमान किया है। हमने विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी की थी। साथ ही तर्क देते हुुए सपा मुखिया ने कहा हनुमान का गदा, भगवान कृष्ण का चक्र विश्वकर्मा समाज ने ही बनाया था और उनकी ही छुट्टी खत्म कर दी।

वहीं तंज कसते हुुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार सिर्फ नाम बदलने का काम कर रही है। अखिलेश ने पूछा पांच ट्रिलियन इकोनॉमी का सपना कहां गया। मुख्यमंत्री ने एक ट्रिलियन इकॉनमी के लक्ष्य की बात कही थी, कहां है। लखनऊ में बड़े-बड़े कागजों पर दस्तखत हुआ था। बड़े-बड़े एमओयू साइन हुए थे, उनका क्या हुआ।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, कहा, चुनाव चिन्‍ह बदल कर रख लेना चाहिए बुलडोजर