चुनाव के बीच फिर जेल से बाहर निकला बलात्‍कारी राम रहीम, यूपी के आश्रम में गुजारेगा 20 दिन

गुरमीत राम रहीम

आरयू वेब टीम। हत्या व रेप केस में सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम फिर 20 दिन की पैरोल मिलने के बाद जेल से बाहर आ गया है। गुरमीत बुधवार सुबह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकल कर कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम के लिए रवाना हो गया। बलात्‍कारी राम रहीम हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच बाहर आया है। ऐसा में समझा जा रहा है कि राम रहीम की आजादी से भाजपा को चुनाव में फायदा होगा। इससे पहले पिछले चार सालों में 15वीं बार पैरोल पर जेल से बाहर निकला है।

चुनाव आयोग ने सोमवार को गुरमीत राम रहीम के पैरोल अनुरोध को मंजूरी दे दी थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल का कहना था कि हरियाणा सरकार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पैरोल पर विचार कर सकती है। इसके लिए उसकी पैरोल याचिका में लिखे गए तथ्य सत्य होने चाहिए। साथ ही चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता के संबंध में अन्य शर्तें पूरी होनी चाहिए।

चुनाव आयोग की मंजूरी के बाद हरियाणा की भाजपा सरकार ने उसकी रिहाई का आदेश तुरंत जारी कर दिया। डेरा प्रमुख की रिहाई पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले तय की गई थी। हरियाणा और पंजाब में उसका काफी प्रभाव माना जाता है। गुरमीत राम रहीम ने 20 दिन की पैरोल मांगी थी।

यह भी पढ़ें- फिर पैरोल पर रिहा हुआ हत्या-रेप का दोषी गुरमीत राम रहीम, आश्रम होगा नया ठिकाना

उसने पैरोल अवधि के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत में रहने की मांग की थी। पैरोल अवधि के दौरान गुरमीत राम रहीम को हरियाणा में प्रवेश करने की इजाजत नहीं है। वह व्यक्तिगत रूप से या सोशल मीडिया के जरिए किसी भी चुनाव संबंधी गतिविधियों में भाग नहीं ले सकता है। इसके अलावा भी उसके ऊपर कई प्रतिबंध लगाए गए हैं।

डेरा प्रमुख की पिछली फरलो और पैरोल तमाम चुनावों के बीच हुई थीं। वह नगर निकायों और राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान जेल से बाहर आ चुका है। फरवरी 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उसे तीन सप्ताह की फरलो दी गई थी। राम रहीम अपनी दो शिष्यायों के साथ बलात्कार मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है।

यह भी पढ़ें- पत्रकार की हत्या व साध्वियों से रेप के दोषी राम रहीम सिंह पर भाजपा सरकार फिर मेहरबान, मिली 21 दिन की पैरोल