आरयू वेब टीम। बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। स्वास्थ्य कारणों की वजह से अनंत सिंह को बेऊर जेल से एंबुलेंस से विधानसभा लाया गया। शपथ ग्रहण के दौरान, विधानसभा परिसर और उसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिसबल भी भारी संख्या में तैनात की गई थी।
इस दौरान अनंत सिंह ने शपथ पत्र पढ़े बिना ही विधायक पद की शपथ ग्रहण की। शपथ पूरी होते ही वे सीएम नीतीश कुमार के पास गए और पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपनी निर्धारित सीट पर जाकर बैठ गए। विधानसभा में मौजूद बाकी लोग ये सबकुछ देखते रह गए।
वहीं अनंत सिंह ने मीडिया से भी बातचीत में कहा कि उनकी तबियत ठीक नहीं थी, जिस वजह से शपथ लेने में देरी हुई है। अदालत से अनुमति मिलने के बाद ही वे विधानसभा आए हैं। जेल से बाहर आना उनके हाथ में नहीं है। जज साहब जब चाहेंगे, तभी वे जेल से बाहर आ पाएंगे। अनंत सिंह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
यह भी पढ़ें- दुलारचंद मर्डर केस में गिरफ्तार बाहुबलि अनंत सिंह को भेजा गया जेल
दरअसल कोर्ट ने उन्हें सिर्फ शपथ लेने की ही अनुमति दी है। उन्हें दुलारचंद यादव हत्याकांड में अब तक जमानत नहीं मिली है। उन्हें शपथ समारोह के अलावा किसी भी दूसरी गतिविधि में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है। सिंह को शपथ ग्रहण के बाद फिर से बेऊर जेल भेजा जाएगा। वे न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह को कोर्ट से बड़ा झटका, जमानत याचिका खारिज




















