आरयू वेब टीम। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। एक तेज रफ्तार क्रिस्टा कार पेड़ से टकराकर पलट गई। जिसमें तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के मुताबिक क्रिस्टा चार पहिया वाहन में पांच लोग सवार थे। ये सभी रायबरेली रेलवे स्टेशन से अपने दोस्तों को लेकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए सांगीपुर वापस जा रहे थे। इसी दौरान डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर स्थित गोपालपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे देख राहगीरों ने इसकी खबर पुलिस को दी। वहीं एक साथ तीन दोस्तों की मौत की खबर लगते ही शादी के घर में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय मुकेश पुत्र रनवीर निवासी मंशागढ़ी नगलिया, थाना चांदपुर देहात, बुलंदशहर और कुनाल पुत्र मुकेश निवासी मंशागढ़ी नगलिया रामू पुत्र सुभाष निवासी जिरौली, थाना अकराबाद, अलीगढ़; चंदन निवासी सांगीपुर, प्रतापगढ़; और दीपांशु गाड़ी पर सवार थे।
बताया गया है कि सभी लोग बुलंदशहर से अपने दोस्त की शादी में शामिल होने आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतर रहे यात्रियों को कुचला, छह की मौत
इस संबंध में डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि दुर्घटना आज सुबह हुई। चंदन मिश्रा निवासी सांगीपुर जिला प्रतापगढ़ की चचेरी बहन की शादी 19 फरवरी की थी। जिसमे शामिल होने के लिये नौचंदी ट्रेन से उनके तीन दोस्त शामिल होने आए थे। उन्हें लेने के लिये चंदन मिश्रा व अभिषेक सिंह सांगीपुर से कार से आये थे। डीह के पावर हाउस के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिसमे तीन युवकों मुकेश, कुनाल और रामू की मौत हो गई, जबकि चंदन व अभिषेक घायल हो गए । घायलों को इलाज के लिये अस्पताल भर्ती किया गया जबकि मृतको के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।




















