AAP ने कहा, सफेद झूठ है योगी सरकार का ‘स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश’ का दावा, लखनऊ से गांव तक डॉक्‍टरों की भारी कमी

वंशराज दुबे
वंशराज दुबे।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के हेल्‍थ सिस्‍टम को लेकर आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। आप ने आज कहा है कि स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश बनाने का योगी सरकार का दावा सफेद झूठ के अलावा कुछ नहीं है। राजधानी लखनऊ से लेकर सुदूर गांव तक के अस्‍पतालों में डॉक्‍टरों की भारी कमी है।

अपने एक बयान में आप के प्रदेश प्रवक्‍ता वंशराज दुबे ने कहा कि यूपी के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के 8,689 पद खाली पड़े हैं और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का भी भारी अभाव है। इसका सीधा असर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों पर पड़ रहा है। इन जगाहों पर मरीजों को इलाज के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और कई बार डॉक्टरों की अनुपस्थिति में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।

गरीब मरीजों को मजबूरी में…

वंशराज दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि हर जगह डॉक्टरों की भारी कमी है। 8,689 पदों का खाली होना यह बताता है कि भाजपा सरकार के लिए जनता के स्वास्थ्य की कोई प्राथमिकता नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण गरीब मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जहां उनसे मनमाने तरीके से पैसे वसूले जाते हैं।

आंकड़े खुद सरकार की पोल खोल रहे

हमला जारी रखते हुए आप नेता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े खुद सरकार की पोल खोल रहे। विभाग में लेवल-2 के 7,240 पदों में से 5,497 पद खाली हैं, जबकि लेवल-3 के 5,199 पदों में केवल 2,007 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। यही नहीं, वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर भी भारी कमी है। संयुक्त निदेशक के 2,555 पदों में से 1,330 पद खाली, एडिशनल डायरेक्टर के 70 पदों में से 58 पद रिक्त, जबकि डिप्टी डायरेक्टर (सर्जन) के 970 पदों में से 157 पद खाली हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था गंभीर मैनपावर संकट से जूझ रही है।

यह भी पढ़ें- AAP सांसद का दावा, चुनाव आयोग व योगी सरकार ने मिलकर किया अब तक का सबसे बड़ा फर्जीवाड़ा, गायब कर डालें यूपी के साढ़े चार करोड़ वोटर