आरयू वेब टीम। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार की दर्दनाक हादसा हो गया। शीतला माता मंदिर में अचानक मची भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। भगदड़ के बाद लोग इधर- उधर भागने लगे। इसी दौरान कई महिलाएं भीड़ में दब गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला मंदिर है। यहां हर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। हालांकि आज चैत्र का अंतिम मंगलवार होने के कारण भीड़ काफी उमड़ी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई। जिसमें दबकर आठ महिलाओं की मौत हो गई, दर्जनभर श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, पूजा के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो कुछ ही पलों में भगदड़ में बदल गई। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और बाहर निकलने की कोशिश में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही एंबुलेंस की गाड़ियां भी मौके पर भेजी गई हैं, जिनकी मदद से घायलों को तुरंत नालंदा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी भी की गई।
यह भी पढ़ें- वेंकटेश्वर मंदिर में कार्तिक एकादशी पर मची भगदड़, दस भक्तों की मौत, कई गंभीर
वहीं घटना के बाद प्रशासन ने मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया। मौके पर एसडीएम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि हर मंगलवार को यहां भारी भीड़ उमड़ती है, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




















