डिवाइडर फिर ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
हादसे में स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन सड़क पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का पूरा अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मिली जानकारी के मुताबिक गोरखपुर जिले के निवासी अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में झारखंड के रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह अपने परिवार के साथ गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। शनिवार करीब तीन बजे के आसपास जैसे ही वाहन कुसुम्हा बशारतपुर के पास पहुंचा, चालक को झपकी आ गई। इसके चलते स्कॉर्पियो नियंत्रण से बाहर हो गई। पहले वह डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद पूरे इलाके और मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में घोसी के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने मीडिया को हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि हमें सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि एक वाहन डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चला गया था और सामने से आ रहे वाहन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई थी। दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और राहत दल की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। वाहन को काटने में काफी समय लगा, क्योंकि टक्कर बहुत ही तेज थी। लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

मृतकों में गोरखपुर के खोराबाद थाना क्षेत्र के रानीडीह गांव के निवासी शामिल थे। इनमें 60 वर्षीय विनय श्रीवास्तव, उनकी 58 वर्षीय पत्नी अर्चना और 27 वर्षीय बेटा कृतार्थ थे। साथ ही दो चालक भी थे, जिनमें बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव के 20 वर्षीय रविन्द्र यादव और 28 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार।

यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्‍पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल