आरयू वेब टीम। राजस्थान के उदयपुर में सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जैसे ही यह सूचना सामने आई, पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर जिला पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वॉड और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड की टीमों ने पूरे परिसर की गहन जांच की। अचानक हुए इस घटनाक्रम की वजह से कोर्ट के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, खासकर कोर्ट सर्किल के पास। इससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के मुताबिक आज करीब 8:30 बजे जब वकील और मुकदमे से जुड़े लोगों ने कोर्ट पहुंचे शुरू ही हुए थे। तभी पता चला कि ईमेल के माध्यम से कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद प्रशासन ने बिना देर किए कोर्ट परिसर को खाली कराने का आदेश दिया। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर खाली करा लिया गया, सभी गेट बंद कर दिए गए और चारों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लगा दी गई।
वहीं मौके पर जिला पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वॉड और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड की टीमों को भी बुलाया गया। जिसके बाद सुरक्षाकर्मी ने कोर्ट के हर कमरे, गलियारे समेत पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। बताया जा रहा है कि ये धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है।
यह भी पढ़ें- बजट से पहले मिली विधानसभा व स्पीकर को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की खबर नहीं है, लेकिन तलाशी अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे परिसर की अच्छी तरह जांच के बाद ही कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
इसके अलावा 13 अप्रैल को हाई कोर्ट और सेशन कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला था। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां और भी ज्यादा सतर्क हो गई हैं।




















