सपा सरकार में होगी महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन की छुट्टी, अखिलेश ने किया ऐलान

अखिलेश यादव
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया। सपा मुखिया ने कहा कि आने वाले समय में अगर समाजवादी सरकार बनती है तो महाराणा प्रताप जी की जयंती पर दो दिन का अवकाश घोषित किया जाएगा। सपा प्रमुख ने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट पर महापुरुषों और आंदोलनों से जुड़े लोगों को सम्मान देने का काम किया जाएगा।

लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप की एक भव्य प्रतिमा भी लगाई जाएगी। जबकि प्रतिमा में चेतक भी होगा और महाराणा प्रताप के हाथ में सोने का भाला दिखाया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि यह प्रतिमा वीरता, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक बनेगी। सपा प्रमुख ने कहा कि  लखनऊ का गोमती रिवरफ्रंट देश के सबसे बेहतरीन रिवरफ्रंट्स में शामिल है। उन्होंने कहा कि जब ये परियोजना पूरी तरह तैयार हो जाएगी तो दूसरे राज्यों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनेगी।

सपा सुप्रीमो ने दावा किया कि भविष्य में नदियों को साफ रखने के लिए इससे बेहतर मॉडल कोई नहीं हो सकता। वहीं प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में “बहुस्तरीय चुनावी माफिया” काम कर रहे हैं। आगे कहा कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बचाने के लिए सभी को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। इस दौरान अखिलेश ने विपक्षी दलों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों से एकजुट होने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का PM मोदी पर तंज, काशी को क्योटो नहीं बना सकते तो कम से कम कर दें कुत्‍ता मुक्त

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सभी वर्गों और महापुरुषों का सम्मान करती आई है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने कभी भेदभाव की राजनीति नहीं की और हमेशा सबको साथ लेकर चलने का काम किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास, खुशहाली, सबका सम्मान और संविधान की मजबूती ही समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक, इसमें नहीं है सभ्‍य लोग, ग्रीन कॉरिडोर के इंजीनियरों पर भी उठाया सवाल