आरयू इंटरनेशनल डेस्क। नेपाल के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब इस्तांबुल से आ रहे तुर्की एयरलाइंस के विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। जिसकी जानकारी लगते ही क्रूमेंबर समेत यात्रियों में दहशत फैल गई। हांलाकि समय समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और विमान में सवार सभी 289 लोग बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या TK 726 ने इस्तांबुल से उड़ान भरी थी। सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे जब ये फ्लाइट काठमांडू के रनवे पर उतरा, तो उसके टायर से लपटें निकलने लगीं। विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर समेत कुल 289 लोग सवार थे।
एयरपोर्ट सुरक्षा के अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही टायर में आग की सूचना मिली, फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से आग को विमान के अन्य हिस्सों में फैलने से पहले ही बुझा दिया गया।
यह भी पढ़ें- 154 यात्री को दुबई से काठमांडू लेकर जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के कुछ अधिकारी भी यात्रा कर रहे थे। इस घटना के कारण रनवे पर फ्लाइट के खड़े रहने से हवाई अड्डे का परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हुआ। हालांकि, तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के बाद अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




















