आरयू वेब टीम। नीट पेपर लीक केस को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही केजरीवाल ने देश के युवाओं से बड़े आंदोलन की अपील की है। आप नेता ने कहा कि भारत में भी युवाओं को ‘जेन जी आंदोलन’ खड़ा करना चाहिए। केजरीवाल ने नेपाल और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां युवाओं ने आंदोलन कर सरकार बदल दी।
प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने सवाल उठाया कि क्या भारत के युवा पेपर लीक कराने वाले मंत्रियों और जिम्मेदार लोगों को जेल नहीं भेज सकते? उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं में गहरा आक्रोश है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रही है।
यह भी पढ़ें- पेपर लीक के बाद NTA ने NEET UG एग्जाम किया रद्द, CBI करेगी जांच
आप नेता ने कहा कि देश में हो रहे पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद से अब तक देश में 93 पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं। ये सबसे अधिक पेपर लीक यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात जैसे राज्यों में हुए हैं, जहां भाजपा की सरकारें हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में कहीं न कहीं राजनीतिक संरक्षण की भूमिका की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पेपर लीक ने छात्रों के भविष्य पर डाला गंभीर असर
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जांच का केंद्र राजस्थान भी रहा है और जिन लोगों पर शक की सुई जा रही है, वे भाजपा से जुड़े नेता बताए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआइ पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी उन लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकती जिनके प्रभाव में वह काम करती है। साथ ही आरोप लगाया कि यदि पेपर लीक के पीछे राजनीतिक संरक्षण या नेताओं की भूमिका है, तो जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्रवाई नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने ये भी कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों के भविष्य पर गंभीर असर डाला है और पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।
पेपर लीक कराने वाले मंत्रियों को क्यों नहीं भेज सकता जेल
उन्होंने कहा कि यदि नेपाल और बांग्लादेश में युवा पीढ़ी (जेन जी ) अपनी सरकारों को बदल सकती है, तो भारत के युवा भी पेपर लीक करने वालों के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं। केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा, “मेरा जेन जी से सीधा-सीधा पूछना है कि क्या ऐसा ही चलता रहेगा या कुछ करना है? अगर नेपाल और बांग्लादेश का जेन जी सरकार बदल सकता है, तो हमारे देश का जेन जी पेपर लीक कराने वाले मंत्रियों को जेल क्यों नहीं भेज सकता?”
व्यवस्था बदलने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की
उन्होंने दावा किया कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। केजरीवाल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि देश को बचाने और व्यवस्था बदलने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के कई नेता अपने बच्चों को विदेशों में पढ़ाते हैं, जबकि आम युवाओं को यहां संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने भावनात्मक अंदाज में कहा कि वे और आम लोग इसी देश में रहते हैं, इसलिए उन्हें देश की व्यवस्था सुधारनी होगी।




















