लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस पलटी, छह यात्रियों की मौत, 21 घायल

भीषण सड़क हादसा
हादसे में पलटी बस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। जिसमें दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख- पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह जब बस उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर पहुंची, तभी ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले रेलिंग से टकराई, फिर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से बाहर जा गिरे। बाहर गिरे यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्‍पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में छह यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 19 लोग घायल हैं। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। अचानक बस डगमगाई और रेलिंग से टकराते हुए पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के नीचे दब गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में हुआ दर्दनाक हादसा, मैजिक की ट्रक से टक्कर में भाईयों व टीचर सहित दस यात्रियों की मौत, चार घायल