आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है और उससे कुछ भी छुपा नहीं रह सकता है। केशव मौर्या ने आरोप लगाया कि सत्ता से छिटके विपक्ष और उनके नेताओं की व्याकुलता अब नफरत में बदल गई है। इस दौरान सोनम वांगचुक के अनशन को केशव मौर्या ने भ्रमजाल का हिस्सा बताया है।
केशव मौर्या ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है और उससे कुछ भी छुपा नहीं रह सकता है। सत्ता से छिटके विपक्ष और उनके नेताओं की व्याकुलता भी अब लगातार उनकी नफरत में तब्दील होने लगी है। पिछले 12 सालों में यह उफान मारने लगी है। इससे जाहिर है कि देश का भरोसा भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व पर लगातार मजबूत हुआ है। लगातार तीन लोकसभा चुनावों के साथ अनेक राज्यों के चुनाव परिणामों का राजग-भाजपा के पक्ष में जाना इस भरोसे पर मुहर लगाता है।
वहीं पिछली घटनाओं का जिक्र कर डिप्टी सीएम ने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष अब भ्रम की छिछली राजनीति पर उतर आया है। कुछ वर्गों को बरगलाकर कभी किसान आंदोलन, कभी शाहीन बाग, कभी एसआइआर, कभी घुसपैठ की झूठी राजनीति के साथ झूठे प्रयोग करने से वह बाज नहीं आता। जनता ने उसकी हर कुत्सित चाल का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। वामपंथी ढपली के साथ सोनम वांगचुक का अनशन भी उसी का एक झूठा जीता- जागता सबूत है। देश की जनता अब झूठे भ्रमजाल में फंसने के बजाय विकास, सुरक्षा और सुशासन के आधार पर अपने फैसले लेती है।
यह भी पढ़ें- केशव मौर्या के सपा में टूट वाले बयान पर शिवपाल यादव का पलटवार, अपनी सीट भी नहीं जीत पाते तो कर नहीं पाएंगे कुछ
साथ ही कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र रहा है, व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। यही कारण है कि विकसित भारत के संकल्प के साथ जनता का भरोसा लगातार भाजपा के साथ जुड़ रहा है। विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए हरेक राज्य भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। ये कार्य डबल इंजन सरकार के विजन, मिशन, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों से ही संभव है।
इतना ही नहीं जहां भाजपा की सरकार है वहां जनता उसे फिर अवसर देने का मन बना चुकी है। जिन राज्यों में उसकी सत्ता नहीं है, वहां भी जनता परिवर्तन का संकल्प ले रही है। वहां भी चुनावों में कमल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी। आगे कहा कि “तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।” यही हमारा संकल्प है, यही विकसित भारत का पथ है और यही राष्ट्र प्रथम की भावना भारत को विश्व में सर्वोच्च स्थान दिलाएगी।




















